हिंदी
देह व्यापार की सूचना पर होटल में छापा (Img: AI Generated Image)
Kannauj: कन्नौज जिले में सोमवार को पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास संचालित एक होटल पर छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया। देह व्यापार की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल से दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक को भी पुलिस ने पकड़ लिया और सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हिरासत में ली गई एक युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद हालत सामान्य होने पर युवती को उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि करीब एक साल पहले भी इसी होटल पर पुलिस ने छापा मारा था। उस समय होटल किसी दूसरे नाम से संचालित हो रहा था। तब भी एक युवक और एक युवती को हिरासत में लिया गया था। कार्रवाई के बाद होटल का नाम बदल दिया गया, लेकिन संचालन फिर शुरू हो गया।
थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि पकड़े गए युवक और युवतियां स्थानीय निवासी हैं। युवतियों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि होटल संचालक और दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
Location : Kannauj
Published : 29 June 2026, 7:46 PM IST
Topics : crime news Hotel Raid kannauj news UP News