हिंदी
गोरखपुर में महिलाओं के लिए रोजगार का अवसर
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोरखपुर क्षेत्र में एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 1 अप्रैल 2026 को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, सिविल लाइन गोरखपुर (दैनिक जागरण प्रेस के निकट) में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इस पहल से महिलाओं में जोश है।
इस रोजगार मेले के माध्यम से महिला अभ्यर्थियों को सीधे संविदा परिचालक (कंडक्टर) पद पर अनुबंध के आधार पर भर्ती किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड जैसे संगठनों से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, साथ ही केंद्र या राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान से सीसीसी (कंप्यूटर) प्रमाण पत्र भी जरूरी होगा। आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को शासनादेश के अनुसार छूट प्रदान की जाएगी।
भर्ती में एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट, एनएसएस, तथा स्काउट-गाइड के राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अभ्यर्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। ऐसे अभ्यर्थियों को इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज देकर मेरिट तैयार की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया के तहत महिला अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक और अन्य प्रमाण पत्रों की प्रतियां आवेदन पत्र के साथ जमा करनी होंगी, साथ ही मूल दस्तावेज भी साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी प्रमाण पत्रों का सत्यापन मेले के दिन ही किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार किलोमीटर के हिसाब से पारिश्रमिक दिया जाएगा। जो 2.16 रुपये प्रति किमी होगा।
Location : Gorakhpur
Published : 28 March 2026, 8:23 PM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi