
अवैध तमंचे के साथ युवक-युवती का वीडियो वायरल (Img: Dynamite News)
Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी है। वीडियो में एक युवती और कुछ युवक कथित तौर पर शराब पार्टी करते हुए नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उस दृश्य की हो रही है, जिसमें युवती के हाथ में तमंचा दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कानून व्यवस्था और खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही युवती लहचूरा थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव की रहने वाली है। फिलहाल वह झांसी शहर के शिवाजी नगर इलाके में किराए पर रहती है। सूत्रों के मुताबिक युवती शादी समारोह और अन्य आयोजनों में डांस का काम करती है। हालांकि अब तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक-युवतियां मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर शराब पार्टी चल रही है और इसी दौरान एक युवक हथियार लहराता नजर आता है। कुछ देर बाद युवती भी कैमरे के सामने तमंचा पकड़कर पोज देती दिखाई देती है। बैकग्राउंड में तेज संगीत बज रहा है और सभी लोग पार्टी के मूड में दिखाई दे रहे हैं।
फुटपाथ पर भीख मांग रहा था मेडिकल छात्र, मुंबई पुलिस ने पिता से मिलाया तो भावुक हो उठा थाना
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो कब और कहां शूट किया गया। इसके अलावा वीडियो में दिख रहा तमंचा असली है या नकली, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो की जांच कर रही है और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान जुटाने में लगी है। झांसी पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो को वायरल किसने किया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सिर्फ दिखावा और सोशल मीडिया स्टंट बता रहे हैं, जबकि कई लोग खुलेआम हथियार के प्रदर्शन को लेकर चिंता जता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तकनीकी और कानूनी पहलुओं से जांच कर रही है। वीडियो की लोकेशन, उसमें शामिल लोगों की पहचान और हथियार की सच्चाई सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि, अब तक वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है।
Location : Jhansi
Published : 23 May 2026, 3:36 PM IST