Jhansi Court Bomb Threat: अपर जिला जज को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट

झांसी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अपर जिला जज (एससी-एसटी एक्ट) आदित्य चतुर्वेदी को न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिला। शुक्रवार दोपहर डाक से आए इस खत के सामने आते ही पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 18 April 2026, 3:13 PM IST

Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अपर जिला जज (एससी-एसटी एक्ट) आदित्य चतुर्वेदी को न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिला। शुक्रवार दोपहर डाक से आए इस खत के सामने आते ही पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

धमकी भरे पत्र से मचा हड़कंप

डाक से भेजे गए इस पत्र में खुद को मोहम्मद सलीम मंसूरी बताया गया है। पत्र में आरोप लगाया गया कि जज ने लखनऊ में तैनाती के दौरान कई मामलों में “बेगुनाह लोगों को सजा” दी, जिससे उनकी “कौम” के लोगों के घर उजड़ गए।

पत्र में 7 से 30 अप्रैल के बीच किसी भी दिन न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

कोर्ट परिसर में सघन तलाशी, सुरक्षा बढ़ी

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया और भारी पुलिस बल कोर्ट परिसर में तैनात कर दिया गया।

पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पहले से मौजूद सुरक्षा बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

FIR दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

इस मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पत्र भेजने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

अरीबा नूमान एएसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है और जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि धमकी को गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

Location :  Jhansi

Published :  18 April 2026, 3:13 PM IST