Census 2026: अब अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे नागरिक, झांसी एडीएम ने की खास अपील

झांसी में जनगणना की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने स्व-गणना अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट में आयोजित जागरूकता बैठक में एडीएम पल्लवी मिश्रा ने नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होनें बताया आखिर स्व-गणना कैसे होगी, इससे नागरिकों को क्या लाभ मिलेगा और निर्धारित समय सीमा के बाद क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 27 November 2026, 4:15 PM IST

Jhansi: जनगणना की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए झांसी जिला प्रशासन ने स्व-गणना अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन ने जनपदवासियों से 30 नवंबर 2026 तक स्वयं और अपने परिवार के सभी सदस्यों की स्व-गणना पूरी करने की अपील की है। इस अभियान के माध्यम से नागरिक अपनी सुविधानुसार निर्धारित समय के भीतर परिवार से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

स्व-गणना अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला गणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भागीदारी पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम पल्लवी मिश्रा ने कहा कि स्व-गणना केवल जनगणना की एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय विकास की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Agra Metro: राजामंडी में निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, प्राचार्य भी सड़क पर

उन्होंने कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं और अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य की स्व-गणना पूरी करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

एडीएम ने बताया कि स्व-गणना का सबसे बड़ा लाभ यह है कि नागरिक अपनी सुविधानुसार परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर सही, सटीक और तथ्यपरक दर्ज होने की संभावना बढ़ेगी।

स्व-गणना अभियान में महिलाओं की भागीदारी पर जोर (Image Source: Dynamite News)

30 नवंबर के बाद घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

जिला गणना अधिकारी पल्लवी मिश्रा ने स्पष्ट किया कि 30 नवंबर के बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवारों से संबंधित जानकारियां एकत्र करेंगे।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि प्रगणकों के घर पहुंचने पर उन्हें प्रत्येक प्रश्न का सही और पूर्ण उत्तर दें। इससे जनगणना का कार्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न किया जा सकेगा। प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जाए।

Rudrapur Murder: भांजे को बचाने पहुंचे मामा पर चाकू से हमला, मौके पर मची चीख-पुकार, अस्पताल में तोड़ा दम

महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

जागरूकता बैठक में स्व-गणना अभियान में महिलाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला गणना अधिकारी ने कहा कि परिवार से जुड़ी सही जानकारी एकत्र करने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए महिलाओं को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाए और अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं और प्रभावी प्रशासनिक नियोजन का आधार बनते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को स्व-गणना अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर सौरभ श्रीवास्तव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आकाश रंजन, नाजिर सदर प्रमोद कुमार, श्रीमती प्रीति वर्मा सहित विभिन्न पटलों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Location :  Jhansi

Published :  27 November 2026, 4:15 PM IST