
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Jhansi: झांसी के मिशन कंपाउंड इलाके में शादी के महज 14 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गोरखपुर निवासी 30 वर्षीय प्रियंका मिश्रा की दूसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद पति द्वारा बताई गई ‘मजाक में मुंडेर पर बैठने’ की कहानी पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मायके पक्ष ने इसे साफ तौर पर दहेज हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक प्रियंका मिश्रा और शुभम की मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। करीब डेढ़ साल तक बातचीत और परिवारों की सहमति के बाद 28 अप्रैल को दोनों की शादी धूमधाम से हुई थी। प्रियंका पढ़ी-लिखी युवती थी। उसने अंग्रेजी विषय में डबल एमए और बीएड किया था। वहीं शुभम ने बीएएमएस की पढ़ाई की थी।
शादी के बाद 2 मई को रिसेप्शन हुआ था और दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी के सिर्फ दो हफ्ते बाद यह रिश्ता मौत की खबर में बदल जाएगा।
घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त घर में सुहागिनों के भोजन का कार्यक्रम चल रहा था। पति शुभम के अनुसार वह और प्रियंका छत पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान प्रियंका मजाक में मुंडेर पर पैर लटकाकर बैठ गई। उसने कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं मानी और अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई।
हालांकि पुलिस और परिजन इस बयान पर सवाल उठा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि भीषण गर्मी के बीच दोनों अचानक छत पर क्यों गए थे? इसके अलावा प्रियंका जैसी समझदार लड़की द्वारा इस तरह की हरकत किए जाने पर भी संदेह जताया जा रहा है।
प्रियंका की मौत की खबर मिलते ही गोरखपुर से पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। भाई रत्नेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले सोने के गहने, 10 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि प्रियंका ने कभी किसी परेशानी की खुलकर शिकायत नहीं की, लेकिन वह अंदर ही अंदर दबाव में थी। उनका आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश है।
आज के बाद थम जाएंगी शहनाइयां, 35 दिनों तक नहीं बजेगा बैंड-बाजा… आखिर क्या है वजह?
घटना से करीब 20 मिनट पहले प्रियंका ने अपनी मां को फोन किया था। हालांकि उस समय बात नहीं हो सकी। अब परिवार को शक है कि प्रियंका कुछ जरूरी बताना चाहती थी। यही कॉल अब जांच का अहम हिस्सा बन गई है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रियंका की मौत एक हादसा थी या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है।
Location : Jhansi
Published : 14 May 2026, 10:30 AM IST