
थैले ने खोली तस्करों की पोल (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Balrampur: जिले में अवैध नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में नेपाल सीमा से सटे जरवा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर मुस्तैद पुलिस जवानों ने घेराबंदी करते हुए एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया। तस्कर एक बैग में छिपाकर भारी मात्रा में कच्ची शराब खपाने की फिराक में था।
कप्तान विकास कुमार के सख्त आदेश और आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में जरवा थाना प्रभारी योगेश प्रताप सिंह की टीम लगातार चौकन्नी नजर आ रही थी। इसी बीच गश्त पर निकले हेड कांस्टेबल उपेन्द्र यादव और कांस्टेबल प्रेमचन्द्र को हलौरा गांव के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस को सामने देख युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया।
जब पुलिस टीम ने युवक के पास मौजूद आसमानी रंग के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से सफेद प्लास्टिक की 14 थैलियां बरामद हुईं। इन थैलियों में करीब साढ़े दस लीटर अवैध कच्ची शराब भरी हुई थी। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान हलौरा गांव के ही रहने वाले लालू पुत्र गोली के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से बरामद शराब को जब्त करते हुए पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है और आबकारी कानून के तहत आगे की कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कामयाबी से इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
Location : Balrampur
Published : 8 July 2026, 1:30 PM IST