जमीनी विवाद में खूनी खेल, जाफरगंज में अधेड़ की रॉड से मारकर निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी

जाफरगंज के अंगदपुर गांव में पशुओं के पास सो रहे 50 वर्षीय तक्की लाल की सिर पर रॉड से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। परिजनों ने 40 साल पुराने जमीनी विवाद को लेकर गांव के ही आधा दर्जन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 June 2026, 2:10 PM IST

Fatehpur : जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव में देर रात एक अधेड़ की सिर पर रॉड से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम, क्षेत्राधिकारी तथा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पशुओं के पास बने कमरे में सोने गए थे मृतक

बताया जा रहा है तक्‍की लाल लगभग 50 वर्ष पुत्र लक्ष्मण देर शाम भोजन करने के बाद गांव के बाहर स्थित एक क्षतिग्रस्त कोठरी के पास सोने गए थे, जहां वह अपने पशुओं को रखते थे। परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन वहीं रात्रि विश्राम करते थे।

40 साल पुराने जमीनी विवाद को बताया वजह

मृतक के भतीजे अमित ने आरोप लगाया है कि रात के समय गांव के ही लगभग आधा दर्जन लोगों ने उन पर हमला कर रॉड से वार किया, जिससे उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। अमित का कहना है कि परिवार का गांव के ही रामखेलावन आदि लोगों से पिछले लगभग 40 वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा है इसी विवाद से संबंधित मामले में गुरुवार को न्यायालय में तारीख भी लगी थी।

Fatehpur News: चार बहनों के इकलौता भाई ने क्यों उठाया खौफनाक कदम? परिवार में मचा कोहराम

एम्बुलेंस पहुंचने से पहले ही हो गई मौत

परिजनों के मुताबिक गुरुवार सुबह जब तक्‍की लाल की हालत की जानकारी हुई तो उनकी सांसें चल रही थीं। तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई, लेकिन एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर 112 पुलिस तथा जाफरगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकठ्ठे किए तथा जांच के लिए नमूने भी लिए। वहीं क्षेत्राधिकारी बृजमोहन राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

Location :  Fatehpur

Published :  11 June 2026, 2:10 PM IST