गोरखपुर में STF का बड़ा एक्शन, अवैध हथियार तस्करी गैंग का भंडाफोड़; जानिए कैसे होती थी शस्त्रों की खरीद-फरोख्त

गोरखपुर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिस्टल, तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश की गोरखपुर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो तमंचे, 14 जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई

पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में एम्स थाना पुलिस तथा STF फील्ड यूनिट गोरखपुर ने 27 जून को संयुक्त अभियान चलाया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान निवासी सचिन शर्मा, गोरखपुर के चौरीचौरा निवासी सौरभ शुक्ला उर्फ निति और बिहार के सिवान निवासी मनजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है।

Gorakhpur Crime: घर से निकली 16 साल की किशोरी, फिर जो हुआ उसने पूरे इलाके में मचा दिया हड़कंप

बिहार से खरीदकर गोरखपुर में बेचते थे हथियार

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार के सिवान और गोपालगंज जिलों से अवैध हथियार खरीदकर गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से हथियारों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। आरोपियों ने पूछताछ में तीन अन्य संदिग्ध तस्करों के नाम भी बताए हैं, जिनसे वे हथियार खरीदते थे। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक मैगजीन, दो .12 बोर के तमंचे, .32 बोर के 10 जिंदा कारतूस, .12 बोर के चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों के स्रोत और इनके इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।

आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा

एम्स थाना पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 171/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे मिले इनपुट के आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। गोरखपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी इसी तरह अभियान चलाए जाते रहेंगे। इस कार्रवाई को पुलिस और STF की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 June 2026, 7:50 PM IST

Advertisement