रायबरेली में कार्ड बदलो, पिन जानो और खाते साफ… शातिर गिरोह का चौंकाने वाला तरीका आया सामने

रायबरेली में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 107 एटीएम कार्ड, पांच हजार रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 July 2026, 6:20 PM IST

RaeBareli : शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 107 एटीएम कार्ड, पांच हजार रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कई जिलों में धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

सहायता के बहाने बदला था एटीएम कार्ड

पुलिस के अनुसार, शहर के रतापुर रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर दो जुलाई को राकेश कुमार गुप्ता का एटीएम कार्ड मदद करने के बहाने बदल लिया गया था। आरोपियों ने उनका पिन नंबर भी देख लिया था। इसके बाद चार बार में उनके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सर्विलांस की मदद से पकड़े गए आरोपी

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को डबल फाटक के पास से उन्नाव निवासी सूरज सिंह और हरदोई निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर कम जानकारी रखने वाले लोगों को मदद का झांसा देकर उनका कार्ड बदल लेते थे और पिन नंबर हासिल करने के बाद खातों से रुपये निकालते थे।

खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर झूम उठे लोग, रायबरेली SOG और सर्विलांस टीम ने कर दिखाया कमाल

एटीएम कार्ड से खरीदारी भी करते थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिर्फ नकदी निकालने तक सीमित नहीं थे, बल्कि कई मामलों में बदले हुए एटीएम कार्ड से खरीदारी भी करते थे। पुलिस ने उनके पास से विभिन्न बैंकों के 107 एटीएम कार्ड, पांच हजार रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सूरज सिंह के खिलाफ रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, सीतापुर और उन्नाव समेत कई जिलों में हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

न्यायालय ने भेजा जेल

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके पुराने मामलों की जांच कर रही है।

Location :  RaeBareli

Published :  11 July 2026, 6:19 PM IST