
लक्ष्मीपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
Maharajganj: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महराजगंज जनपद के लक्ष्मीपुर ब्लॉक में देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला। 'हर घर तिरंगा' अभियान और 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अंतर्गत गुरुवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर देश के प्रति अपना प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।
इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ लक्ष्मीपुर ब्लॉक कार्यालय से हुआ। बीडीओ मृत्युंजय कुमार और नौतनवा विधायक प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान डीजे पर देशभक्ति गीत बज रहे थे और हर कोई 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम', और 'जय हिन्द' के नारों के साथ आगे बढ़ रहा था। लोगों के हाथों में लहराते तिरंगे और चेहरों पर देशभक्ति की चमक एक अद्वितीय दृश्य प्रस्तुत कर रही थी।
देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में दिखे लोग
तिरंगा यात्रा लक्ष्मीपुर कस्बे से होते हुए एकमा, सोंधी, पैसिया समेत कई गांवों से गुजरी और पुनः ब्लॉक कार्यालय पर आकर संपन्न हुई। इस आयोजन में जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ ब्लॉक के अधिकारी, रोजगार सेवक, सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं व युवाओं की भागीदारी रही।
इस रैली का उद्देश्य न केवल स्वतंत्रता दिवस की भावना को प्रबल करना था, बल्कि आम नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना भी था। आयोजकों ने गांव-गांव जाकर लोगों से आग्रह किया कि वे तिरंगे को अपने घरों पर लगाकर आजादी के पर्व को गौरवपूर्ण ढंग से मनाएं।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया। यह यात्रा उनके आदर्शों को आत्मसात करने और देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश देने का माध्यम बनी।
इस अवसर पर बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने कहा, 'हम सभी का कर्तव्य है कि अपने देश की स्वतंत्रता के लिए जान देने वाले शहीदों को याद करें और आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान के महत्व को बताएं।' उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान प्रकट करना चाहिए।
विधायक प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश मिश्रा ने भी इस पहल की सराहना की और सभी से अपील की कि वे आजादी के इस अमृत महोत्सव को पूरे उत्साह के साथ मनाएं। पूरे आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही और लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इस तिरंगा यात्रा ने न केवल राष्ट्रीयता की भावना को जगाया बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का भी संदेश दिया।
Location : Maharajganj
Published : 14 August 2025, 12:43 PM IST
Topics : flag march har ghar tiranga Independence Day 2025 Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Tiranga Yatra