हिंदी
सुनील भोला आंखों पर पट्टी बांधकर कांवड़ यात्रा कर रहे है
Muzaffarnagar : सावन की कांवड़ यात्रा में इस बार सामाजिक संदेश भी देखने को मिल रहे हैं। मुजफ्फरनगर में एक ऐसी अनोखी कांवड़ यात्रा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें एक शिवभक्त आंखों पर पट्टी बांधकर हरिद्वार से बागपत तक का सफर तय कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस यात्रा में एक गाय भी शामिल है। यह राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मुजफ्फरनगर में अनोखी कांवड़ यात्रा ने खींचा सबका ध्यान। शिवभक्त सुनील भोला गाय को साथ लेकर हरिद्वार से बागपत तक 180 KM का सफर तय कर रहे हैं।#KanwarYatra #Sawan pic.twitter.com/leXhwEMsY1
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 7, 2026
शिवभक्त सुनील भोला हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर अपनी टोली के साथ बागपत जिले के शाहपुर बड़ौली गांव के लिए रवाना हुए हैं। करीब 180 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में सुनील ने अपनी आंखों पर पट्टी बांध रखी है।
मुजफ्फरनगर में पहुंची ऐसी कांवड़, जिसने रोक दी लोगों की नजरें; भगत सिंह-राजगुरु-सुखदेव बने शिवभक्त
उनका कहना है कि उन्होंने 4 अगस्त की रात गंगाजल उठाने के साथ ही आंखों पर पट्टी बांध ली थी और अब इसे 11 अगस्त को शिवरात्रि के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद ही खोलेंगे।
सुनील भोला ने बताया कि आंखों पर पट्टी बांधने का मकसद सिर्फ एक संदेश देना है। उनका कहना है कि समाज को गौ माता पर हो रहे अत्याचारों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह आंखों पर पट्टी बांधने के बाद उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा, उसी तरह समाज के कई लोग गौ माता से जुड़े मुद्दों को देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं।
इस कांवड़ यात्रा में सुनील अकेले नहीं हैं, बल्कि उनके साथ एक गाय भी चल रही है। उन्होंने बताया कि वह गौ रक्षा और गौ हत्या पर रोक लगाने की मांग को लेकर यह यात्रा कर रहे हैं। सुनील ने सरकार से मांग की है कि गौ हत्या पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाए।
शिवभक्त सुनील के मुताबिक वह हरिद्वार से एक छोटे बैग के साथ यात्रा पर निकले हैं। दिन-रात चलते हुए वह करीब 20 से 30 किलोमीटर का सफर प्रतिदिन तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प शिवरात्रि तक जारी रहेगा और जलाभिषेक के बाद ही वह अपनी आंखों की पट्टी खोलेंगे।
मुजफ्फरनगर से गुजर रही इस अनोखी कांवड़ यात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। गाय के साथ आंखों पर पट्टी बांधकर चल रहे शिवभक्त का यह अंदाज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सुनील भोला ने बताया कि उनकी यह यात्रा किसी विवाद के लिए नहीं बल्कि गौ रक्षा और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 August 2026, 4:05 AM IST