मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में दबंगों ने किसान की जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर पीड़ित और उसकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। न्याय के लिए पीड़ित डीएम कार्यालय पर धरने पर बैठा है।

पीड़िता
Mainpuri: थाना किशनी क्षेत्र से एक बार फिर दबंगई और भू-माफियाओं के आतंक की तस्वीर सामने आई है। ग्राम उदयपुर में खुलेआम कानून को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने एक किसान की जमीन पर कब्जा कर लिया और जब पीड़ित ने विरोध किया तो उसे और उसकी पत्नी को बेरहमी से पीटा गया। मामला इतना गंभीर है कि जान बचाने के लिए दंपति को भागना पड़ा। पीड़ित न्याय की आस में अब जिलाधिकारी कार्यालय पर धरने पर बैठा है।
मैनपुरी के किशनी में दबंगों का तांडव। किसान की निजी जमीन पर कब्जा, विरोध करने पर पत्नी समेत पीड़ित से बेरहमी से मारपीट। न्याय की गुहार लेकर पीड़ित डीएम कार्यालय पर धरने पर बैठा।@mainpuripolice #mainpuri pic.twitter.com/KmV8ihd9nE
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 9, 2026
पीड़ित रोहित कुमार के मुताबिक किशनी टाउन एरिया स्थित उनकी निजी भूमि गाटा संख्या 1625 रकबा 0.0270 हेक्टेयर है, जो विधिवत उनके नाम खतौनी में दर्ज है। आरोप है कि जितेंद्र उर्फ टीटू यादव ने पहले आसपास की सरकारी जमीन पर कब्जा किया और अब पीड़ित की जमीन पर जबरन कब्जा कर मकान निर्माण शुरू करा दिया है। रोहित ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दबंगों ने खुलेआम धमकियां देना शुरू कर दिया।
पीड़ित ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शैलेंद्र पुत्र तिलक सिंह ने उनके प्लाट के फर्जी कागजात तैयार कर जमीन को अन्य लोगों को बेच दिया। इस फर्जीवाड़े से न सिर्फ पीड़ित को भारी नुकसान हुआ, बल्कि पूरे इलाके में जमीन से जुड़े विवाद और तनाव का माहौल बन गया है। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जब रोहित कुमार और उनकी पत्नी रचना ने अवैध निर्माण और कब्जे का विरोध किया तो अवनीश यादव, उदय राम यादव और उनके साथ आए करीब 10 से 12 अज्ञात लोगों ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। दंपति के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। किसी तरह जान बचाकर दोनों मौके से भागे। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
दबंगों की इस गुंडागर्दी से पूरे गांव में भय का माहौल है। पीड़ित रोहित कुमार अपनी पत्नी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देकर न्याय की गुहार लगा रहा है। पीड़ितों ने बताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।