झांसी में युवती ने ग्राहक बनकर बुलाया फिर होटल मैनेजर को किया किडनैप… इस बात पर कार में डालकर ले गई

झांसी में होटल मैनेजर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने ग्राहक बनकर होटल मैनेजर को बुलाया और साथियों के साथ कार में अगवा कर लिया। आरोपियों ने मारपीट कर परिवार से फिरौती मांगी और 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराने के बाद युवक को छोड़ा। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 May 2026, 7:27 PM IST
google-preferred

Jhansi : जिले में एक होटल मैनेजर को शातिर तरीके से अगवा करने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि एक युवती ने पहले ग्राहक बनकर होटल में कॉल किया और मैनेजर को लेने के लिए बुलाया। जैसे ही वह तय जगह पर पहुंचा, युवती अपने साथियों के साथ उसे कार में डालकर ले गई। आरोपियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और सुनसान इलाके में ले जाकर जमकर मारपीट की।

पिता को कॉल कर मांगी फिरौती

अपहरणकर्ताओं ने युवक को बंधक बनाने के बाद उसके पिता को फोन किया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो युवक की हत्या कर उसकी लाश मेडिकल बाइपास पर फेंक दी जाएगी। बेटे की जान खतरे में देखकर परिवार घबरा गया। काफी देर तक बातचीत के बाद 30 हजार रुपए में मामला तय हुआ। आरोपियों ने कैश लेने से मना कर दिया और फिरौती की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।

करीब 20 घंटे बाद छोड़ा

परिजनों से रकम मिलने के बाद आरोपी होटल मैनेजर को करीब 20 घंटे तक अपने कब्जे में रखने के बाद सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए। युवक के घर पहुंचने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

झांसी में नई नवेली दुल्हन की मौत से सनसनी: 14 दिन पहले हुई थी शादी, पति की कहानी पर बड़ा सस्पेंस

पुलिस पर फायरिंग

मुखबिर की सूचना पर नवाबाद पुलिस ने भगवंतपुरा से करगुवांजी जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बल प्रयोग कर युवती, उसके पति और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस

सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नवाबाद थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब गैंग के अन्य कनेक्शन और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

 

Location :  Jhansi

Published :  22 May 2026, 7:27 PM IST

Advertisement