गोरखपुर में हूटर, प्रेशर हॉर्न और नशे में ड्राइविंग… एक अभियान में खुलीं कई परतें

गोरखपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 674 वाहनों की जांच की गई। जिसमें 17 चालक नशे में वाहन चलाते मिले।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 14 June 2026, 5:03 AM IST

Gorakhpur : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर शनिवार को यातायात पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। जिले के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सघन जांच करते हुए बिना मानक नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते पाए गए। जिनके खिलाफ मौके पर ही कानूनी कार्रवाई की गई।

कई प्रमुख स्थानों पर चला विशेष अभियान

निदेशक एवं अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने किया। अभियान तेनुआ टोल प्लाजा, टीपी नगर, नौकायान तिराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। यातायात पुलिस की टीम ने वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया।

ब्रेथ एनालाइजर से हुई जांच

अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन की मदद से वाहन चालकों की जांच की गई। कुल 674 वाहनों की चेकिंग में 17 चालक ऐसे मिले जो नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान की कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गोरखपुर से सामने आई कड़वी सच्चाई, क्या अभी भी नाबालिगों से करवाई जा रही है मजदूरी?

HSRP, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी कार्रवाई

जांच के दौरान बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के चल रहे 15 वाहनों का चालान किया गया। वहीं प्रेशर हॉर्न और हूटर का उपयोग कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 12 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा पाया गया। जिसके खिलाफ भी नियमानुसार चालान किया गया। पुलिस ने चार अवयस्कों को वाहन चलाते हुए पकड़ा, जिनके वाहनों को सीज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

सड़क सुरक्षा को लेकर जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के मकसद से ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित मानकों के अनुसार वाहन का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Location :  Gorakhpur

Published :  14 June 2026, 4:59 AM IST