फतेहपुर में भाई बना कातिल, लाठियों से पीट-पीटकर छोटे भाई की हत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

फतेहपुर के ममरेजपुर गांव में खेत में पानी जाने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बड़े भाई ने छोटे भाई की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी, जिससे तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 23 May 2026, 5:54 PM IST
google-preferred

Fatehpur : जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां खून के रिश्ते ने ही खून बहा दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ममरेजपुर गांव में खेत में पानी जाने को लेकर हुए मामूली से विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

खेत का विवाद बना मौत की वजह

मृतक की पत्नी ममता देवी ने बताया कि उनके पति 39 वर्षीय कमल सिंह राजपूत देर शाम खेत में सिंचाई के लिए पानी लगा रहे थे। इसी दौरान पानी बहकर बड़े भाई अनिल कुमार के खेत में चला गया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि अनिल ने गुस्से में आकर लाठी-डंडों से कमल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

रात में बिगड़ी तबीयत

घटना की जानकारी रात करीब 9:30 बजे पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। घायल कमल को उनकी पत्नी घर ले आईं, लेकिन सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन जब उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

कमल की मौत के बाद उनकी पत्नी ममता देवी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। 7 साल की बेटी पायल, 4 साल का बेटा पवन और ढाई साल का मासूम आयुष अब अनाथ हो गए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी अनिल पहले भी कई बार हिंसक हरकतें कर चुका है, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने भी बताया कि वह गुस्सैल स्वभाव का है और पहले भी भैंस पर हमला कर चुका है।

फतेहपुर में हीटवेव के बीच नगर पालिका का राहत अभियान, सड़कों पर छिड़काव और ठंडे पानी की व्यवस्था!

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार

थाना प्रभारी सुमित देव पांडे ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बड़े भाई अनिल कुमार फरार है। जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Location :  Fatehpur

Published :  23 May 2026, 5:54 PM IST

Advertisement