
देवरिया में छात्रा बनीं एक दिन की डीएम (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Deoria: जनपद में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और छात्राओं के अंदर स्वाभिमान की भावना पैदा करने के लिए ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत कक्षा 10 की छात्रा साक्षी दुबे को एक दिन के लिए सांकेतिक तौर पर जिला अधिकारी(DM) बनाया गया। इस दौरान साक्षी ने कलेक्ट्रेट में बैठकर आम जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कक्षा 10 की छात्रा साक्षी दुबे को एक दिन के लिए डीएम की कुर्सी सौंपी गई, जहां उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियों को निभाया। साक्षी ने कलेक्ट्रेट में बैठकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्ट्रेट में फरियादियों की समस्या सुनती एक दिन की बनीं डीएम साक्षी
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनहित में बेहतर कार्य करने की सलाह भी दी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
डीएम बनीं साक्षी दुबे ने कहा कि आज उन्हें मिशन शक्ति के तहत एक दिन के लिए डीएम बनने का मौका मिला, जो उनके लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यहां आकर लोगों की समस्याओं को सुना और समझा कि प्रशासन कैसे काम करता है।
छात्रा ने कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वह आगे चलकर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे भविष्य में बड़े पदों पर पहुंचकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
'मिशन शक्ति' अभियान के तहत, जिले की होनहार छात्राओं को एक दिन का डीएम बनाया गया। इस मौके पर साक्षी ने न सिर्फ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि ग्रामीण बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं।
Location : Deoria
Published : 23 April 2026, 1:01 PM IST