
हरियाणा से बिहार तक फैला था शराब तस्करी का नेटवर्क
Kannauj: कोतवाली कन्नौज पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत की 43 पेटी हरियाणा मार्का शराब तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाल चौराहा अंडरपास के पास मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने पिकअप वाहन (BR01GP0712) को रोककर तलाशी ली, जिसमें 24 पेटी रॉयल ग्रीन और 19 पेटी सिग्नेचर हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (19) निवासी चकेशो थाना महनार, जिला वैशाली (बिहार) तथा मनी कुमार (20) निवासी महुआ रामराय थाना महुआ, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहां शराबबंदी के कारण उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध कोतवाली कन्नौज में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Kannauj
Published : 27 July 2026, 6:59 AM IST