UP: पढ़ी-लिखी युवतियों को ऐसे जाल में फंसाता था IIT बाबा, भक्ति के नाम पर चलता था खेल

आईआईटी रुड़की से पढ़ा इंजीनियर नौकरी छोड़कर बाबा बनने के बाद गंभीर आरोपों में घिर गया है। भक्ति की आड़ में युवतियों को फंसाने, शोषण और ऑनलाइन नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। पुलिस जांच में लैपटॉप से बड़े खुलासों की संभावना है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 June 2026, 9:43 AM IST

Mathura: आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके अभिषेक मिश्रा पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि उसने लाखों रुपये के पैकेज वाली नौकरी छोड़कर अध्यात्म और भक्ति की राह पकड़ी और बाद में राधाकुंड में स्वयं को आध्यात्मिक गुरु के रूप में स्थापित कर लिया। अभिषेक मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का रहने वाला बताया गया है। वर्ष 2021 में उसने आईआईटी रुड़की से डिग्री हासिल की थी और 2023 में मुंबई की एक संस्था में करीब 21 लाख रुपये सालाना पैकेज पर नौकरी करने लगा था।

बताया गया है कि उसकी मां, जो एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापिका थीं, 2022 में सेवानिवृत्त होकर भक्ति के उद्देश्य से राधाकुंड आ गई थीं। बाद में अभिषेक भी उनसे मिलने आने लगा और धीरे-धीरे उसका मन अध्यात्म की ओर झुकने लगा। लगभग एक वर्ष नौकरी करने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी और राधाकुंड आकर रहने लगा।

नाम बदलकर “आदिकर्ता नारायण दास” बनने का आरोप

सूत्रों के अनुसार, राधाकुंड आने के बाद अभिषेक ने अपना नाम बदलकर “आदिकर्ता नारायण दास” रख लिया और स्वयं को धार्मिक गुरु के रूप में प्रस्तुत करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर अपना प्रभाव बढ़ाया और खुद को स्थापित करने का प्रयास किया।

Mathura News: नशे में हैवान बना पति! रात में पत्नी के गले पर किए ताबड़तोड़ वार, सुबह खून से लथपथ मिली लाश

ऑनलाइन जूम मीट से नेटवर्क बनाने का आरोप

आरोप है कि उसने जूम मीट के जरिए देशभर के बीटेक और एमटेक डिग्रीधारी युवक-युवतियों को जोड़ना शुरू किया। इन ऑनलाइन बैठकों में वह अध्यात्म और ज्ञान का पाठ पढ़ाता था। धीरे-धीरे उसने कुछ युवाओं और युवतियों को प्रभावित कर उन्हें राधाकुंड बुलाना शुरू कर दिया।

इसी दौरान उसके कथित नेटवर्क के विस्तार और प्रभाव बढ़ाने की बात सामने आ रही है। पुलिस इस पूरे ऑनलाइन नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

युवतियों से जुड़े गंभीर आरोप और शिकायतें

मामले में एक नर्सिंग छात्रा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद तीन अन्य युवतियों और एक युवक ने भी अभिषेक मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

इन सभी आरोपों के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, लैपटॉप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

‘लठैतों’ के जरिए डर और दबाव बनाने का आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने साथ कुछ लोगों को रखता था, जिन्हें स्थानीय तौर पर “लठैत” बताया गया है। आरोप है कि ये लोग आश्रम में सुरक्षा का घेरा बनाने के साथ-साथ उन लोगों को डराने-धमकाने का काम करते थे, जो उसकी गतिविधियों या फैसलों का विरोध करते थे।

इन लोगों की भूमिका और नेटवर्क को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है और उसके करीबियों की तलाश जारी है।

Mathura News: तीन बेटियों के साथ महिला नदी में कूदी; बच्चियों की मौत

गिरफ्तारी और आगे की जांच

पुलिस के अनुसार, मामले में जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, लैपटॉप और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Location :  Mathura

Published :  5 June 2026, 9:43 AM IST