
IAS विक्रमादित्य सिंह (Img : Dynamite News)
मेरठ: जिला में विकास को नई दिशा देने और शहर की बिगड़ती व्यवस्थाओं को सुधारने की जिम्मेदारी IAS अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक के कंधों पर होगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले वह गाजियाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर तैनात थे। मेरठ में उनकी नई पारी शुरू होने जा रही है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक का प्रशासनिक और शैक्षणिक सफर काफी खास रहा है। उन्होंने हैदराबाद की प्रतिष्ठित NALSAR यूनिवर्सिटी से BA-LLB की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से LLM की डिग्री हासिल की। कानून की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी खेलों में भी दिलचस्पी रही है। वह राष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी भी रह चुके हैं।
मेरठ में 15 नवंबर को जुटेगा जाट समुदाय, मुजफ्फरनगर से पांच अतिरिक्त बसों समेत होगा बड़ा इंतजाम
प्रशासनिक जिम्मेदारियों की बात करें तो वह बिजनौर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर काम कर चुके हैं। इसके बाद गाजियाबाद विकास अधिकारी और फिर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली। कोरोना काल के दौरान बिजनौर में शुरू किया गया उनका 'Bikes of Bijnor' कार्यक्रम भी काफी चर्चा में रहा था।
मेरठ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी संभालते ही विक्रमादित्य सिंह मलिक के सामने कई अहम मुद्दे होंगे। शहर में तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियां, बिना अनुमति हो रहे निर्माण और भूमाफिया की सक्रियता लंबे समय से चर्चा का विषय रहे हैं। इन मामलों में कार्रवाई और निगरानी को लेकर MDA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते रहे हैं।
ऐसे में नए उपाध्यक्ष के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना होगा। अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई, अवैध निर्माण पर नियंत्रण और भूमाफिया के खिलाफ नियमों के तहत कदम उठाना उनके एजेंडे की अहम चुनौती रहेगी।
इसके अलावा नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना, प्राधिकरण में भ्रष्टाचार और लापरवाही से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करना और सुप्रीम कोर्ट तथा न्यायिक आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण होगा। शहर की आवासीय योजनाओं को आगे बढ़ाना और विकास कार्यों में तेजी ला0ना भी उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा होगा।
Location : Meerut
Published : 14 November 2026, 1:32 PM IST