फतेहपुर के थरियांव थाने का घेराव कर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने खुशबू की मौत पर पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और न्याय की मांग उठाई। साथ ही साफ चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी ऑफिस फतेहपुर का वृहद घेराव किया जाएगा।

एसपी ऑफिस का घेराव
Fatehpur: थरियांव थाने के लिए सामान्य नहीं था। सुबह से ही माहौल में हलचल थी, लेकिन दोपहर तक पूरा दृश्य बदल गया। गुलाबी कपड़ों में सैकड़ों महिलाएं, हाथों में लाठी-डंडे और जुबां पर इंसाफ की मांग, ये नजारा किसी फिल्म का नहीं, बल्कि हकीकत था। औराई गांव की बेटी खुशबू की संदिग्ध मौत और पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज महिलाओं ने थाने का घेराव कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक, औराई गांव की रहने वाली खुशबू ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों और संगठन का आरोप है कि खुशबू पहले से परेशान थी और उसने पुलिस से मदद की गुहार भी लगाई थी, लेकिन उसकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। इसी को लेकर आक्रोश फूट पड़ा।
शुक्रवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं थरियांव थाने पहुंचीं। गुलाबी ड्रेस में पहुंची महिलाओं ने थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। “बेटी को न्याय दो” और “लापरवाह पुलिस होश में आओ” जैसे नारे पूरे परिसर में गूंजते रहे।
घेराव के दौरान हेमलता पटेल ने सीधे तौर पर थरियांव पुलिस पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने खुशबू की शिकायत पर समय रहते संज्ञान लिया होता, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि थानों में पीड़ितों की सुनवाई के बजाय उन्हें दुत्कार कर भगाया जा रहा है, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उनका कहना था कि कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और जनपद में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) थरियांव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन लेने के लिए नायब तहसीलदार भी थाने पहुंचीं। ज्ञापन में मांग की गई कि खुशबू को मौत के मुंह में धकेलने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जिले की कानून व्यवस्था में सुधार लाया जाए।
पीड़ित परिजन रहे मौजूद
साथ ही साफ चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो एसपी ऑफिस फतेहपुर का वृहद घेराव किया जाएगा। इस दौरान सरला सिंह, उत्तरा, राजनीति, सरिता, सुमन, शहरून, विनीता, काजल, रानी और रेखा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और पीड़ित परिजन मौजूद रहे।