
आगरा में एचटी लाइन ने ली युवक की जान
Agra: आगरा जिले के बाह क्षेत्र के खेड़ा राठौर स्थित बिरखेपुरा गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। यहां 22 वर्षीय जितेन्द्र सिंह की एचटी (हाई टेंशन) बिजली लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंची उसकी छोटी बहन मोहिनी भी गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब आठ बजे जितेन्द्र अपने घर की छत पर प्लास्टर का काम करवा रहा था। इसी दौरान वह अचानक ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही उसका कंधा तार से टकराया, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और छटपटाते हुए नीचे गिर पड़ा। उसकी चीख सुनकर पास ही मौजूद छोटी बहन मोहिनी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई और उसका सिर झुलस गया।
हादसे के बाद परिजन दोनों को तत्काल बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन इस उम्मीद में उसे आगरा ले गए कि शायद उसकी जान बचाई जा सके, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार का दुख और गहरा गया और वे शव को वापस लेकर बाह सीएचसी लौट आए।
आगरा अली हत्याकांड : पुलिस दबिश के बीच रवि यादव ने किया सरेंडर, केस में नया मोड़
मृतक के पिता मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि घर के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन को हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का यह भी आरोप है कि शिकायत के बावजूद टालमटोल किया गया और कथित तौर पर पैसे की मांग भी की गई। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते लाइन हटा दी जाती, तो आज उनका बेटा जिंदा होता। इस घटना ने पूरे गांव में आक्रोश पैदा कर दिया है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद लोग शव लेकर घर लौट आए और वहीं प्रदर्शन जारी रखा। मौके पर अधिशाषी अभियंता रोहित शर्मा और खेड़ा राठौर पुलिस पहुंची और परिजनों को समझाने की कोशिश की। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होती और मुआवजे की घोषणा नहीं की जाती, तब तक वे शव नहीं हटाएंगे। इसके बाद अधिकारियों ने जांच और मुआवजे का आश्वासन दिया।
आगरा में दिनदहाड़े छात्रा को कार में बैठाकर ले गए युवक, पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई
एसओ खेड़ा राठौर ने परिजनों को आश्वासन दिया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और मामले की जांच होगी। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी जांच के बाद कार्रवाई और मुआवजे का भरोसा दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए और शव को अंतिम प्रक्रिया के लिए भेजा गया।
Location : Agra
Published : 20 May 2026, 6:31 PM IST
Topics : Agra news Agra Police Electric Shock HT Line UP News