आगरा अली हत्याकांड : पुलिस दबिश के बीच रवि यादव ने किया सरेंडर, केस में नया मोड़

आगरा के असगर अली हत्याकांड में जांच के दौरान बड़ा मोड़ आया जब आरोपी रवि यादव ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस की दबिश के बीच उसने न्यायालय में पेश होकर खुद को कानून के हवाले किया। हालांकि उसे 2019 के वीवीआईपी विरोध मामले में पेश किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 19 May 2026, 6:26 PM IST
google-preferred

Agra : आगरा के चर्चित असगर अली हत्याकांड में मंगलवार को जांच ने एक अहम मोड़ ले लिया। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी रवि यादव अचानक न्यायालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद मामले की जांच और भी तेज हो गई है। पुलिस की लगातार दबिश और दबाव के बीच आरोपी का कोर्ट में सरेंडर करना पूरे प्रकरण में नया मोड़ माना जा रहा है।

कोर्ट में आरोपी का आत्मसमर्पण

जानकारी के अनुसार, रवि यादव सीधे अदालत में पेश हुआ, जहां उसे उसके अधिवक्ताओं अवनीश कुमार बैश और बिलाल अहमद ने प्रस्तुत किया। कोर्ट में सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और जेल भेजने का आदेश दिया गया। हालांकि यह सरेंडर असगर अली हत्याकांड से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के दौरान वह एक पुराने मामले में पेश हुआ, जो वर्ष 2019 में हरीपर्वत थाने में दर्ज हुआ था।

2019 का वीवीआईपी विरोध मामला

यह पुराना मामला वीवीआईपी विरोध प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें आरोप है कि डिप्टी सीएम के काफिले को रोकने, काले झंडे दिखाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई थी। इस केस में रवि यादव समेत कुल नौ लोग नामजद हैं और उन पर धमकी देने तथा लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई गई थीं।

Agra News: लॉकर की डुप्लीकेट चाबियां, 2 लाख का गोल्ड लोन और एक स्पाई कैमरा; आगरा के इस मामा की पूरी कहानी

असगर अली हत्याकांड की जांच तेज

इधर, असगर अली हत्याकांड की जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस को शक है कि हत्या से पहले ट्रांसपोर्टर असगर अली की रेकी की गई थी। जांच टीम ने कौरई टोल प्लाजा के 3 अप्रैल की रात के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिए हैं। साथ ही यह भी सामने आया है कि घटना वाली रात असगर अली फतेहपुर सीकरी गए थे और उसी दौरान उनके ट्रक को जीएसटी टीम द्वारा रोके जाने की जानकारी भी जांच में मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या ट्रक की कार्रवाई और हत्या की साजिश के बीच कोई संबंध था।

फरार आरोपी की तलाश जारी

फिलहाल एक आरोपी जेल में पहुंच चुका है, लेकिन दूसरा आरोपी कामरान वारसी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है।

पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई

डीसीपी सय्यद अली अब्बास के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में बड़े खुलासे संभव हैं।

Location :  Agra

Published :  19 May 2026, 6:26 PM IST

Advertisement