बदायूं में आतिफ हत्याकांड का मुख्य आरोपी ऐसे हुआ गिरफ्तार

यूपी के बदायूं में शुक्रवार को पुलिस ने आतिफ हत्याकांड के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गुमराह करने के लिए अस्पताल में घायल का नाम बदलकर अपना नाम लिखवाया, दूसरों को फंसाने के लिए जबरन वीडियो भी बनवाया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 1 May 2026, 12:53 PM IST

Budaun: जनपद में आतिफ हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शूटर रवि उर्फ रामसच्चे के रूप में हुई है। पुलिस ने उस पर 25 हजार रूपए का इनाम रखा है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने गुमराह करने के लिए अस्पताल में घायल का नाम बदलकर अपना नाम लिखवाया, दूसरों को फंसाने के लिए जबरन वीडियो भी बनवाया।

गौरतलब है कि बदायूं के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के अलापुर रोड पर 17 अप्रैल को बदमाशों ने दिनदहाड़े आतिफ की हत्या कर दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  अंकिता शर्मा के निर्देश पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। इस पर सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी रवि उर्फ रामसच्चे पुत्र जगपाल निवासी कुरियाई, थाना सवायजपुर, हरदोई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था।

ऐसे हुई थी वारदात

गत 17 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि बाबूजी ढाबे के पास रामसच्चे नाम के युवक को गोली लगी है। सिविल लाइन पुलिस जिला अस्पताल पहुंची तो पता चला कि युवक के पेट में गोली लगी है। घायल युवक का नाम अस्पताल रिकॉर्ड में रामसच्चे पुत्र जगपाल लिखा है। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। बाद में पता चला कि असल में गोली आतिफ पुत्र बिदरीश निवासी आसपुर, थाना अलापुर को लगी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता बिदरीस उर्फ बडक्का की तहरीर पर 18 अप्रैल को थाना सिविल लाइन में BNS के तहत 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया।

CCTV और पूछताछ से खुली परतें

SSP अंकिता शर्मा ने खुलासे के लिए SOG और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त टीम बनाई। घटना स्थल और जिला अस्पताल के CCTV फुटेज खंगाले गए। मुखबिर की सूचना पर शिवम, अंशुल और प्रभात को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

तीनों आरोपियों ने बताया कि 17 अप्रैल को दोपहर बाद आतिफ, शिवम और रवि उर्फ रामसच्चे बाइक से बुधवाई रोड पर ममता लोन के पास प्रभात की दुकान पर गए थे। वहां अंशुल भी मिला। कोल्ड ड्रिंक लेने के बाद आतिफ ने रामसच्चे की पैंट में तमंचा लगा देखा। आतिफ ने कहा कि कोई शिकायत कर देगा तो सब फंस जाएंगे और तमंचा छीनने लगा। इसी दौरान रामसच्चे ने आतिफ के पेट में गोली मार दी।

गोली मारने के बाद आरोपी रामसच्चे घायल आतिफ को शिवम के साथ लीलावती हॉस्पिटल ले गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर हुआ। पुलिस को गुमराह करने के लिए रामसच्चे ने भर्ती पर्चे में घायल का नाम खुद का "रामसच्चे पुत्र जगपाल" लिखवा दिया। भर्ती कराने वाले के कॉलम में शिवम का नाम और आतिफ का मोबाइल नंबर लिखवाया।

Budaun Accident: जिस टीन शेड ने दी थी पनाह, वही बन गया जान का दुश्मन; बदायूं में कुदरत का क्रूर मजाक!

बदमाशों ने उगले कई राज

शिवम ने पुलिस को बताया कि बरेली ले जाते समय रामसच्चे ने पुरानी रंजिश के चलते आतिफ से जबरदस्ती वीडियो बनवाया। उस वीडियो में आतिफ से ओसामा समेत 3 लोगों के नाम बुलवाए गए ताकि उन्हें केस में फंसाया जा सके।

चश्मदीद गवाहों के बयान और घटनास्थल की निशानदेही से साफ हुआ कि गोली रामसच्चे ने ही मारी थी। इसके बाद SSP ने उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया।

Budaun News: जंगल, अंधेरा और गोलियों की तड़तड़ाहट: बदायूं पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर पप्पू, पर क्या बाकी है कोई और राज?

पुलिस की कार्रवाई

सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी रवि उर्फ रामसच्चे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद करने का प्रयास कर रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

Location :  Budaun

Published :  1 May 2026, 12:44 PM IST