हिंदी
बीजेपी सांसद रवि किशन (Img X)
New Delhi: भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्मों के दमदार अभिनेता और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी खूब मशहूर हैं। वह जहां भी जाते हैं, अपने चुटीले अंदाज से लोगों का ध्यान खींच लेते हैं। इन दिनों उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह एक शख्स को ऑटोग्राफ देते समय उसकी कांपती उंगलियां देखकर 'मिर्जापुर' फिल्म का चर्चित डायलॉग बोलते नजर आ रहे हैं।
रवि किशन का यह अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग भी हंसने लगे। वहीं, सोशल मीडिया यूजर्स को उनका यह वीडियो खूब पसंद आ रहा है। लोग कह रहे हैं कि रवि किशन मौका मिलते ही अपने मशहूर डायलॉग से लोगों का मनोरंजन करना नहीं भूलते।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रवि किशन एक कार्यक्रम में पहुंचे हैं। वहां एक कैमरामैन पारदर्शी शीशे के दूसरी तरफ से उनसे ऑटोग्राफ मांगता है। कैमरामैन भारी कैमरा पकड़े हुए होता है, जिसकी वजह से उसका हाथ थोड़ा कांप रहा होता है।
जैसे ही रवि किशन ऑटोग्राफ देने के लिए आगे आते हैं, उनकी नजर शख्स के कांपते हाथ पर पड़ती है। वह तुरंत मजाकिया अंदाज में पूछते हैं, 'तुम्हारा हाथ क्यों कांप रहा है बेटा? विटामिन कम है क्या? बोला था- अनार जूस पिया करो।'
इतना कहकर रवि किशन वहां से आगे बढ़ जाते हैं। उनका यह मजेदार अंदाज अब इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
दरअसल, रवि किशन की यह बात उनकी फिल्म 'मिर्जापुर' के चर्चित डायलॉग से जुड़ी हुई है। फिल्म में उन्होंने एक गैंगस्टर का किरदार निभाया था। एक सीन में वह अपने गैंग के एक गद्दार सदस्य को मारने के बाद उसके कम खून निकलने पर कहते हैं, 'हीमोग्लोबिन कम है क्या? देख-देख कितना कम खून निकल रहा है। बोले थे तुमको अनार जूस पिया करो।'
फिल्म का यह डायलॉग पहले भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। अब रवि किशन ने उसी अंदाज में एक शख्स को सलाह देकर पुराने मीम और डायलॉग की यादें ताजा कर दी हैं।
X पर वंश अरोड़ा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा, 'अनार खाओ, अच्छी सेहत आपको फॉलो करेगी, लॉर्ड रवि किशन की सलाह।'
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के मजेदार रिएक्शन भी आने लगे। कई लोग इसे 'Another Banger' बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि रवि किशन किसी भी मौके पर अच्छी टिप्स देने से पीछे नहीं हटते। वहीं, दूसरे यूजर ने मजाक में कहा कि अब से वह भी अनार का जूस पिया करेंगे।
बताया जा रहा है कि रवि किशन 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में पहुंचे थे। इसी दौरान ऑटोग्राफ देते समय उनका यह मजेदार अंदाज कैमरे में कैद हो गया।
रवि किशन के डायलॉग और मीम्स पहले भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते रहे हैं। खास बात यह है कि वह भी अपने इस इंटरनेट वाले अंदाज को अच्छी तरह समझते हैं और लोगों को हंसाने का कोई मौका नहीं छोड़ते। यही वजह है कि उनका यह नया वीडियो भी इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
Location : New Delhi
Published : 21 November 2026, 4:36 PM IST
Topics : Gorakhpur MP Ravi Kishan IFFI 2026 Mirzapur dialogue Ravi Kishan pomegranate juice Ravi Kishan viral video
No related posts found.