
पुलिस की गिरफ्त में शातिर अपराधी
गाजीपुर: पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक शातिर व्यक्ति को दबोचा है, जो फोन पर खुद को मंत्री पुत्र बताकर अधिकारियों पर रोब जमाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ओप्पो (OPPO) कम्पनी का एक मोबाइल बरामद किया है जिसमें अधिकारियों से फोन पर की गई बातचीत की ऑडियो मिली हैं। दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के पास बने मंदिर से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गाजीपुर संवाददाता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि आरोपी विनय सिंह चौहान ने पूछताछ में बताया गया कि मेरी तमन्ना अपने को प्रभावी दिखाने की थी। इसके जरिए आर्थिक लाभ लेने के लिए लोगों की गलत सही समस्याओं को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के ऊपर दबाव बनाने के लिए फोन करता था।
विनय सिंह चौहान फोन पर अधिकारियों को अपना परिचय मंत्री दारा सिंह चौहान के पुत्र के रूप में देता था। विनय ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह कभी अपना नाम विनय सिंह चौहान व कभी अतुल चौहान बताता था। लखनऊ में रहना बताता था और बातचीत की रिकॉर्डिंग एडिट कर सोशल मीडिया साइट पर डालता था जिससे लोग मुझे प्रभावशाली जानकर जुड़ सकें।
पुलिस की गिरफ्त में आए विनय सिंह चौहान ने इस बात का खुलासा किया है कि उसने जिला पंचायत का चुनाव लड़ने की योजना बनाई थी। उसी के लिए वह धन इकट्ठा कर अपनी इमेज तैयार कर रहा था। पुलिस को दिए बयान में कहा है कि मैं अधिकारी और लोगों पर धौंस जमाकर अपनी जिंदगी अच्छे से गुजार रहा था। इस कृत्य से मुझे काफी आर्थिक लाभ मिला।
गाजीपुर पुलिस ने शातिर विनय सिंह चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया है। मुकदमा अपराध संख्या 106/2025 बीएनएस की धारा 319 (2), 318 (4) व 72 आईटी एक्ट के तहत थाना दुल्लहपुर पर पंजीकृत किया है। पुलिस ने बताया कि विनय सिंह चाैहान के खिलाफ दुल्लहपुर निवासी सावित्री देवी की तहरीर पर बीएनएस की धारा 308(7) और 351(3) केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी विनय सिंह चौहान की कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया।
Location : Ghazipur
Published : 15 May 2025, 1:53 PM IST
Topics : ghazipurpolice Politics UPGovernment uppolice क्राइम