“मुझे सड़क पर Kiss करता है”… आवाज उठाई तो भेजा जेल, गाजियाबाद में 11वीं की छात्रा का छलका दर्द

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में 11वीं की 16 वर्षीय छात्रा ने पड़ोसी युवक पर पीछा करने, छेड़छाड़, शादी का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि 8 महीने से परेशान होने के कारण वह स्कूल जाने से भी डरती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 August 2026, 2:48 PM IST

Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक 11वीं की छात्रा ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि आरोपी पिछले 8 महीने से उसका पीछा कर रहा है, रास्ते में रोककर परेशान करता है और जबरन शादी का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक उसे हत्या और तेजाब डालकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी तक दे चुका है। डर का आलम यह है कि अब वह अकेले घर से निकलने से भी घबराती है और स्कूल जाने के लिए परिवार के किसी सदस्य का सहारा लेना पड़ता है।

रास्ते में रोकने और जबरन Kiss किया

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने बताया कि आरोपी युवक का घर उसके घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर है। छात्रा का आरोप है कि युवक अक्सर उसका पीछा करता है, सीटी बजाकर परेशान करता है और रास्ते में आते-जाते उसका हाथ पकड़ लेता है। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी की हरकतों की वजह से उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वह डर के कारण जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलती है। कई बार उसकी मां या पिता उसे स्कूल छोड़ने जाते हैं।

घर में घुसकर छेड़छाड़ का भी आरोप

छात्रा ने आरोप लगाया कि 14 दिसंबर 2025 को आरोपी युवक उसके घर में घुस आया था। उसने कमरे में खींचकर उसके साथ छेड़छाड़ की और गलत हरकत करने की कोशिश की। छात्रा का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को धमकाया। उसने बताया कि आरोपी कभी गुलाब का फूल देकर शादी के लिए दबाव बनाता है तो कभी धमकी देता है कि अगर शादी नहीं की तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा।

FIR दर्ज न होने का लगाया आरोप

छात्रा का कहना है कि वह लंबे समय से परेशान है, लेकिन उसकी शिकायत पर सही कार्रवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि उनकी एफआईआर तक दर्ज नहीं की जा रही थी। छात्रा ने बताया कि अब वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और उसे डर है कि उसके साथ कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है। छात्रा और उसके परिवार ने 18 अगस्त को गाजियाबाद के डीसीपी से मुलाकात कर दोबारा शिकायत दी है। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

छात्रा के पिता पर भी केस दर्ज होने का दावा

छात्रा के पिता का आरोप है कि मामले में उनकी सुनवाई नहीं हुई, बल्कि उल्टा उनके खिलाफ ही एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में उन्हें जेल भी भेजा गया था। पिता का कहना है कि पुलिस ने उनकी बेटी के बयान दर्ज करने के लिए थाने बुलाया था, लेकिन उन्हें डर है कि दोबारा उनके परिवार को किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है।

पुलिस ने कही जांच जारी होने की बात

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन ने बताया कि छात्रा के पिता पर दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में पहले ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि छात्रा की ओर से लगाए गए छेड़छाड़ और अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  21 August 2026, 2:48 PM IST