
Symbolic Photo (IMG: Pintrest)
Lucknow News: करवा चौथ से पहले लखनऊ के सराफा बाजार में रौनक देखने को मिली। इस बार एक पति ने अपनी पत्नी को सरप्राइज देने के लिए 285.700 ग्राम सोने का करवा बनवाया और करवा चौथ से एक दिन पहले उसे उपहार में दिया। इस करवे की कीमत 44 लाख 30 हजार रुपये बताई गई। पति ने पहले इसकी डिजाइन पसंद की और फिर खास ऑर्डर देकर इसे तैयार करवाया। पत्नी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई थी। जब पति ने उपहार देने के बाद इसकी कीमत बताई तो पत्नी खुशी से पति के गले लग गई।
करवा चौथ पर इस खास उपहार की चर्चा सराफा बाजार में रही। सोने के साथ-साथ चांदी के करवे की भी मांग देखने को मिली। चौक सराफा बाजार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदिश जैन के मुताबिक, उनकी प्रतिष्ठान से 1.2 किलोग्राम वजन का चांदी का करवा बिका, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 1 हजार रुपये रही। इसके अलावा 100 ग्राम से लेकर आधा किलो तक वजन वाले चांदी के करवे भी ग्राहकों ने खरीदे।
28 अक्टूबर को बाजार में चांदी की कीमत करीब 2.02 लाख रुपये प्रति किलोग्राम और सोने की कीमत 1,44,800 रुपये प्रति 10 ग्राम बताई गई। ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम में भी सोने और चांदी के छोटे करवे की मांग रही। इनका वजन लगभग 50 से 100 ग्राम के बीच रहा। आदिश जैन ने बताया कि वर्ष 2025 में चांदी की कीमत करीब 1.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी। उस समय ढाई किलो चांदी का करवा 5.16 लाख रुपये में बिका था।
करवा चौथ की पूर्व संध्या पर लखनऊ के चौक, गोमती नगर के पत्रकारपुरम, आलमबाग, तेलीबाग, भूतनाथ मार्केट, महानगर, कपूरथला और अमीनाबाद समेत कई बाजारों में खूब चहल-पहल रही। ज्वेलर्स ने अपने प्रतिष्ठानों को फूलों से सजाया। कई दुकानों पर मेहंदी कैंप और दूसरे आयोजन किए गए, जबकि 25 हजार रुपये या उससे अधिक की खरीदारी पर ग्राहकों को निश्चित उपहार देने के ऑफर भी रखे गए।सराफा कारोबारियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में ग्राहक पहले ही आभूषणों की डिजाइन पसंद करके ऑर्डर दे चुके थे और बुधवार को डिलीवरी लेने पहुंचे। कुछ ग्राहक दुकानें खुलते ही खरीदारी के लिए पहुंच गए।
करवा चौथ के साथ ही सराफा बाजार में धनतेरस की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। नवंबर और दिसंबर में शादी वाले परिवार सोने के आभूषणों की बुकिंग करवा रहे हैं। ज्वेलर्स ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग ऑफर दे रहे हैं। कुछ ब्रांडेड शोरूम धनतेरस की बुकिंग पर 25 से 50 प्रतिशत तक अग्रिम राशि ले रहे हैं, जबकि छोटे दुकानदारों में 75 प्रतिशत तक अग्रिम भुगतान की व्यवस्था बताई गई।
सोने-चांदी के करवे के साथ मिट्टी के करवे और पूजा सामग्री की मांग भी बढ़ गई। बाजारों में मिट्टी के करवे, खील, चूड़ा और पूजन सामग्री खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। स्थानीय बाजारों में मिट्टी के करवे की कीमत तीन दिन पहले तक करीब 100 रुपये थी, जो बढ़कर 150 रुपये तक पहुंच गई। करवा चौथ को लेकर बाजारों में त्योहार जैसा माहौल नजर आया।
Location : Lucknow
Published : 28 October 2026, 6:33 PM IST