
श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का अवतार दिवस (Image Source: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस शहर में मंगलवार को सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का अवतार दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में संगत गुरुद्वारे पहुंची। सभी ने मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अवतार दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस मौके पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुद्वारे में शबद कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।
ये भी पढ़ें: हाथरस में रफ्तार का कहर, काल बनकर आई बस, 2 सगी बहनों समेत 4 की मौत
गुरुद्वारे में गूंजे शबद कीर्तन (Image Source: Dynamite News)
कार्यक्रम में मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरपाल सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं के बारे में संगत को जानकारी दी। उन्होंने गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही आपसी भाईचारा बनाए रखने, मानव सेवा करने और सभी धर्मों का सम्मान करने का संदेश दिया।
इस दौरान आयोजित शबद कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा भक्तिमय हो गया। संगत ने श्रद्धाभाव से कीर्तन का श्रवण किया। गुरु नानक देव जी के अवतार दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
ये भी पढ़ें: आपकी शिकायत का ऐसे होगा समाधान, हाथरस DM ने अधिकारियों को दी चेतावनी, अब आखिरी तारीख का नहीं करना होगा इंतजार
शबद कीर्तन से भक्तिमय हुआ गुरुद्वारा (Image Source: Dynamite News)
शबद कीर्तन की समाप्ति के बाद गुरुद्वारे में अटूट लंगर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान संगत ने एक-दूसरे को गुरु नानक देव जी के अवतार दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में तजवंत कालरा, सतनाम सिंह, सरदार पन्ना सिंह, सरदार गिरिराज सिंह, सरदार हरबंस सिंह अरोड़ा, सरदार राजेश सिंह, लव ग्रोवर, विजय भाटिया, टीकम सिंह, सरदार शेर सिंह, करतार सिंह, चंबल सिंह, रणजीत सिंह, सरदार कुलजीत सिंह, जितेंद्र लूथरा और कमलजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस तरह हाथरस के अलीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी का अवतार दिवस विशेष धार्मिक आयोजन, शबद कीर्तन और अटूट लंगर के साथ मनाया गया।
Location : Hathras
Published : 24 November 2026, 7:34 PM IST
Topics : Guru Nanak Dev Birthday Celebration Guru Nanak Dev Ji Teachings Guru Nanak Jayanti hathras news Sikh Community