मरम्मत के दौरान अचानक हुआ जोरदार धमाका! डीजल इंजन का व्हील फटा, मिस्त्री की मौके पर मौत

हाथरस के सासनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह डीजल इंजन की मरम्मत करना एक मिस्त्री के लिए जानलेवा साबित हुआ। अचानक हुए तेज धमाके ने मौके पर मौजूद लोगों को हिलाकर रख दिया। हादसे में मिस्त्री की जान चली गई, जबकि इंजन मालिक घायल हो गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 August 2026, 1:22 PM IST

Hathras: कोतवाली सासनी क्षेत्र की खंडेलवाल चौकी के अंतर्गत गांव ऊसवा में शुक्रवार सुबह डीजल इंजन की मरम्मत करते समय अचानक व्हील फट गया। तेज धमाके के साथ हुए हादसे में इंजन की मरम्मत कर रहे मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इंजन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

डीजल की मरम्मत के दौरान हादसा

मृतक की पहचान गांव ऊस्वा निवासी करीब 60 वर्षीय रामकिशन पुत्र सियाराम के रूप में हुई है। वह डीजल इंजन की मरम्मत का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे रामकिशन गांव में एक डीजल इंजन ठीक करने पहुंचे थे। वह इंजन की मरम्मत कर ही रहे थे, तभी अचानक उसका व्हील तेज धमाके के साथ फट गया।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: 1.51 करोड़ के भुगतान पर उठे सवाल! कानपुर भीतरगांव में विकास कार्यों की जांच शुरू

इंजन मालिक भी हुआ घायल

हादसे की चपेट में आने से रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं इंजन मालिक दीपक पुत्र रामबाबू, उम्र करीब 32 वर्ष, भी घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक रामकिशन की मौत हो चुकी थी।

ये भी पढ़ें- Hamirpur News: दुल्हन देखने निकला था देवर, हाईवे पर भाभी ने रोक दिया रास्ता; बोली- मेरे रहते नहीं कर सकते शादी

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही खंडेलवाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल इंजन मालिक का उपचार कराया जा रहा है।परिजनों का आरोप है कि इंजन का व्हील पहले से ही चटका हुआ था। इसी वजह से मरम्मत के दौरान वह अचानक फट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Hathras

Published :  21 August 2026, 1:22 PM IST