हिंदी
पेड़ से टकराने से युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Hardoi: हरदोई जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हरियावां थाना क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर उतरा तिराहे के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और बबूल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हरियावां थाना क्षेत्र के बिलहरी गांव निवासी अजीत सिंह (35) पुत्र स्वर्गीय सतेंद्र सिंह गुरुवार दोपहर बाइक से हरदोई गए थे। बताया जा रहा है कि वह बिजली कनेक्शन से जुड़े काम के लिए घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, रात करीब नौ बजे अजीत हरदोई से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान हल्की बारिश के कारण सड़क गीली थी। हरदोई-पिहानी मार्ग पर उतरा तिराहे से करीब 50 मीटर पहले तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे उतर गई।
ये भी पढ़ें- घर पहुंचने से कुछ घंटे पहले थम गई जिंदगी! रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का दो टुकड़ों में शव
बाइक संभालने की कोशिश के बावजूद अजीत नियंत्रण नहीं कर सके और सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर उतरा तिराहे पर तैनात पिकेट कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।पुलिसकर्मियों ने देखा कि अजीत के सिर और मुंह से खून निकल रहा था। बिना समय गंवाए उन्हें एंबुलेंस की मदद से हरदोई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय अजीत ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हेलमेट की अहमियत सामने आई है।
अजीत सिंह खेती-बाड़ी का काम करते थे और दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी अमानिका सिंह के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दुखद बात यह भी है कि अजीत के पिता सतेंद्र सिंह की भी करीब दो साल पहले इसी हरदोई-पिहानी मार्ग पर सड़क हादसे में मौत हुई थी। वह शिक्षा विभाग में अनुचर पद पर कार्यरत थे।
हरियावां थाना प्रभारी रितेश चौहान ने बताया कि घायल युवक को मेडिकल कॉलेज भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Hardoi
Published : 24 July 2026, 3:35 PM IST
Topics : Bike Crash Hardoi News Road Accident UP News