हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Hapur: हापुड़ में कपड़ा व्यापारी से हुई 16.92 लाख रुपये की सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस चालक पर व्यापारी सबसे ज्यादा भरोसा करता था, उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने लूट की रकम में से 16.50 लाख रुपये बरामद कर लिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा ने बताया कि बाबूगढ़ थाना पुलिस सोमवार देर रात इलाके में संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की तलाश में विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अल्लीपुर अंडरपास के पास एक कार में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार आरोपी भागने लगे।
जब पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।
मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान दिल्ली के कांति नगर निवासी रिजवान उर्फ मन्नू के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से उसके दो अन्य साथियों निहाल अहमद और लक्ष्य रावत को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार निहाल अहमद भी दिल्ली के कांति नगर का निवासी है, जबकि लक्ष्य रावत गांधी नगर क्षेत्र का रहने वाला है। लक्ष्य रावत वही चालक है जो लूट का शिकार हुए कपड़ा व्यापारी के यहां काम करता था।
जांच में सामने आया कि लक्ष्य रावत को व्यापारी की दिनचर्या, नकदी के लेनदेन और रकम ले जाने की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिलाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंदरूनी जानकारी होने के कारण बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था, लेकिन पुलिस की तेजी और तकनीकी जांच के चलते पूरा मामला जल्द ही खुल गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट की रकम में से 16.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई कार, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य या संपर्क भी इस वारदात में शामिल थे या नहीं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Hapur
Published : 2 June 2026, 8:59 AM IST