
नाले में मिला शव सोर्स डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: सहजनवां थाना क्षेत्र के पाली ब्लॉक अंतर्गत मांट गांव निवासी 55 वर्षीय विशंभर चौहान का शव बुधवार सुबह चोरमा नाले से बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। छठ पूजा के लिए कमल का फूल लेने निकले विशंभर सोमवार सुबह से ही लापता थे। परिजन उनकी तलाश में दो दिनों तक परेशान रहे। एसडीआरएफ की टीम ने भी नाले में लगातार तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बुधवार सुबह उनका शव मिलने के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मांट गांव निवासी विशंभर चौहान सोमवार सुबह करीब आठ बजे साइकिल से घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने बेलौरा स्थित छठ माता मंदिर के पास अपनी साइकिल खड़ी की और छठ पूजा के लिए कमल का फूल लेने चले गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। पहले परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद चोरमा नाले में उनके डूबने की आशंका को देखते हुए खोजबीन शुरू कराई गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, चोरमा नाला करीब 10 फीट गहरा है। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम सोमवार शाम से ही तलाशी अभियान में जुट गई थी। टीम ने नाले में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन पहले दिन विशंभर का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद भी तलाशी अभियान जारी रहा। बुधवार सुबह नाले से उनका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
चोरमा नाला, जहां से विशंभर चौहान का शव बरामद किया गया। (सोर्स डाइनामाइट न्यूज)
इंसानियत की तस्वीर! दिव्यांग महिला को गोद में उठाकर डीएम की चौखट पर पहुंचा फरियादी
विशंभर चौहान के पांच बेटे हैं। इनमें जंग बहादुर, सुनील और अनिल सूरत में पेट्रोलियम संबंधी काम करते हैं। परिवार के मुखिया की मौत से घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस परिवार में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दो दिनों तक पिता की तलाश में जुटे परिजनों को आखिरकार उनकी मौत की खबर मिली। इस घटना से मांट गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। गांव में हर तरफ इसी घटना की चर्चा है और परिवार को सांत्वना देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
Location : गोरखपुर
Published : 28 October 2026, 4:48 PM IST
Topics : Chhath Puja news Latest News police UP News