देखिए डिजिटल इंडिया का गांव, जहां घुटने भर पानी में चलने को मजबूर ग्रामीण, डीएम से लगाई है गुहार

हमीरपुर के सिकराडी गांव में सड़क पर जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। एम्बुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पा रही। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सड़क और नाली निर्माण की मांग की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 July 2026, 6:06 PM IST

Hamirpur: हमीरपुर जिले के कुरारा ब्लॉक के ग्राम सिकराडी में सड़क और जल निकासी व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो गया है। सामुदायिक केंद्र तक जाने वाला मुख्य मार्ग लगातार जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गया है। सड़क पर गंदा पानी भरा होने से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।

जलभराव से ठप हुई आवाजाही

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नाली और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी मुख्य रास्ते पर भर गया है। इससे पूरे गांव की आवाजाही प्रभावित हो गई है और लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Hamirpur: सरकारी रोक के बावजूद धड़ल्ले से जारी थी लोडिंग, खौफनाक हादसे ने खोली खदान माफियाओं की पोल

एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही गांव

ग्रामीणों के अनुसार हालात इतने खराब हैं कि आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी गांव के अंदर नहीं पहुंच पा रही है। गर्भवती महिलाओं, बीमार बुजुर्गों और बच्चों को अस्पताल ले जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। परिवहन व्यवस्था भी लगभग ठप हो चुकी है।

घुटने भर पानी में चलने को मजबूर ग्रामीण (Img: Dynamite News)

सड़क और नाली निर्माण की मांग

समस्या से नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि मुख्य मार्ग पर जल्द से जल्द पक्की सड़क बनाई जाए और जल निकासी के लिए स्थायी नाले का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।

Hamirpur News: पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नमामि गंगे योजना के स्थायी समाधान के लिए उठाई आवाज

प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे, इसका इंतजार किया जा रहा है।

Location :  Hamirpur

Published :  7 July 2026, 6:06 PM IST