हमीरपुर डीएम ऑफिस में दंपति ने डाला डेरा, पान कुमारी बोली- अंतिम सांस तक जीवनसाथी के साथ भूख हड़पाल पर रहूंगी, जानें क्यों?

हमीरपुर के कपसा गांव में दीवार विवाद को लेकर एक दंपति कलेक्ट्रेट पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठ गया। महिला ने कुछ दबंगों पर पुरानी दीवार गिराकर दुकान का निर्माण करने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 September 2026, 2:07 PM IST

Hamirpur News: हमीरपुर में एक दीवार का विवाद अब प्रशासन के दरवाजे तक पहुंच गया है। आरोप है कि दबंगों ने एक महिला की पुरानी दीवार गिराकर उसी जगह पक्की दुकान की दीवार खड़ी कर दी। पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस से लेकर एसपी तक शिकायत की, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुका। आखिरकार जब हर तरफ से न्याय की उम्मीद टूटती नजर आई तो महिला अपने पति के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गई और भूख हड़ताल शुरू कर दी।

कपसा गांव में दीवार को लेकर विवाद

पूरा मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कपसा गांव का है। यहां रहने वाली पान कुमारी का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने उनकी पुरानी दीवार को गिरा दिया। इसके बाद विवादित जगह पर पक्की दुकान की दीवार का निर्माण शुरू कर दिया गया। महिला का कहना है कि उसने निर्माण का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद काम नहीं रोका गया।

पुलिस से लेकर एसपी तक शिकायत का दावा

पान कुमारी के मुताबिक, मामले को लेकर उसने सबसे पहले 112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौदहा कोतवाली में शिकायत की गई और एसपी से भी न्याय की गुहार लगाई गई। पीड़िता का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विवादित निर्माण पर रोक नहीं लगी। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर शुरू किया अनशन

लगातार शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं होने से परेशान पान कुमारी अपने पति रामऔतार के साथ हमीरपुर कलेक्ट्रेट पहुंची। दोनों ने यहां भूख हड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि अब वह प्रशासन से मौके पर कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है।

दीवार गिराने और मुकदमा दर्ज करने की मांग

रामऔतार का कहना है कि जब तक विवादित दीवार को गिराकर मामले का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे धरने से नहीं हटेंगे। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। फिलहाल मामला प्रशासन के सामने है और पीड़ित दंपति कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में डटा हुआ है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है।

Location :  Hamirpur

Published :  12 September 2026, 1:45 PM IST