नोएडा का सॉफ्टवेयर इंजीनियर उत्तराखंड से हुआ छूमंतर, दोस्तों के साथ गया था मौज-मस्ती करने

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले स्थित पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर गए नोएडा निवासी और सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान पिछले चार दिनों से लापता हैं। 29 मई को ट्रैकिंग से लौटते समय फोटोग्राफी के लिए रुके अभिषेक अचानक गायब हो गए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 June 2026, 7:48 PM IST

Noida : बागेश्वर जिले के पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर गए 28 वर्षीय अभिषेक चौहान पिछले चार दिनों से लापता हैं। मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले अभिषेक फिलहाल नोएडा में रहते थे। गुजरात की एलएंडटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।

कैसे अचानक हुए गायब?

जानकारी के मुताबिक, अभिषेक 28 मई को अपने तीन इंजीनियर दोस्तों और स्थानीय गाइड आनंद राम के साथ ट्रैकिंग के लिए निकले थे। बीते 29 मई को वापसी के दौरान मलियाधोड़ क्षेत्र में वह फोटोग्राफी करने के लिए रुक गए। उन्होंने गाइड से आगे जाकर इंतजार करने को कहा था, लेकिन काफी देर तक नहीं पहुंचे। जब गाइड वापस मौके पर पहुंचा तो अभिषेक वहां नहीं मिले। इसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई और बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया गया।

नदी किनारे मिला कैमरा, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग

खोज अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम को मलियाधोड़ के पास नदी किनारे अभिषेक का कैमरा बरामद हुआ। हालांकि, इसके अलावा कोई ऐसा सबूत नहीं मिला। जिससे उनकी लोकेशन का पता चल सके। पिंडारी ट्रैक का इलाका अत्यंत दुर्गम माना जाता है। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण कई छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। हेलिकॉप्टर की मदद लेने की योजना भी मौसम के कारण फिलहाल संभव नहीं हो पा रही है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनता बोली- Thanku CJI Surya Kant Sir, पढ़ें ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट

परिवार को है सुरक्षित मिलने की उम्मीद

अभिषेक के परिवार के सदस्य बागेश्वर पहुंच चुके हैं। उनकी छोटी बहन ने बताया कि आखिरी बार भाई से बातचीत के दौरान उन्होंने मौसम और ट्रैकिंग की जानकारी दी थी। परिवार को उम्मीद है कि खोज अभियान के जरिए जल्द कोई सकारात्मक सूचना मिलेगी। अभिषेक की बड़ी बहन लंदन में रहती हैं, जबकि उनके जीजा और अन्य परिजन भी उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। स्थानीय ग्रामीण, चरवाहे और बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

Location :  Noida

Published :  1 June 2026, 7:48 PM IST