हिंदी
सहारनपुर में दुल्हन लेने पहुंचे हेलीकॉप्टर वाले जीजा जी (Image: Dynamite News)
शालीम की शादी सहारनपुर के बीजोपुर गांव निवासी जमशेद की पुत्री जुनेद प्रवीण के साथ हो रही है। दूल्हा अपने परिवार के साथ करीब 20 किलोमीटर की दूरी हेलीकॉप्टर से तय कर बारात लेकर पहुंचा। ससुराल पक्ष ने उसका स्वागत किया। दूल्हे ने बताया कि बचपन से ही उसका सपना था कि वह अपनी बारात हेलीकॉप्टर से लेकर जाएगा। शादी के दिन यह सपना पूरा होने से वह बेहद खुश है।
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए गांव के बाहर हाईवे के पास खाली खेत में हेलीपैड तैयार किया गया था। बारात पहुंचने से पहले पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और हेलीपैड सहित आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान दमकल विभाग की टीम भी मौजूद रही।

हेलीकॉप्टर उतरने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर से दूर रखा, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। पुलिसकर्मियों ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन सुरक्षा के चलते उन्हें निर्धारित दूरी पर ही रखा गया।
मोहम्मद शालीम उर्फ चंदू ने बताया कि उसकी इच्छा बचपन से ही हेलीकॉप्टर से बारात ले जाने की थी। अब यह सपना पूरा हो गया है। उसने बताया कि दुल्हन जुनेद प्रवीण की विदाई भी हेलीकॉप्टर से कराई जाएगी। इससे शादी का यह खास मौका दोनों परिवारों के लिए और यादगार बनने की उम्मीद है।
शालीम ने युवाओं से नशे और गलत गतिविधियों से दूर रहने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उसने कहा कि सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत और लगन भी उतनी ही जरूरी है। उसने अभिभावकों से भी बच्चों को आगे बढ़ने और उनके सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
शादी समारोह में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के नेता भी मौजूद रहे। हेलीकॉप्टर से पहुंची बारात गांव में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। मोहम्मद शालीम उर्फ चंदू के लिए यह शादी सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि बचपन से संजोए गए सपने के पूरा होने का यादगार पल बन गई।
Location : Saharanpur
Published : 25 October 2026, 7:02 PM IST