
रीना की मौत पर उठे कई सवाल (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता रीना की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, हत्या कर शव रजवाहे में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पति का दावा है कि यह एक सड़क हादसा था, जिसमें थार गाड़ी रजवाहे में गिर गई और उसकी पत्नी की मौत हो गई। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस ने पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने के कारण विसरा सुरक्षित रखकर एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है।
दनकौर कोतवाली क्षेत्र के भट्टा गांव से जुड़े इस मामले में बुलंदशहर के खालौर गांव निवासी जुगेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी रीना की शादी नवंबर 2020 में भट्टा गांव निवासी मोहित से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही मोहित और उसके परिवार के लोग थार गाड़ी और 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं होने पर रीना को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मोहित अक्सर रीना को तलाक देकर दूसरी शादी करने की धमकी देता था। तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि मोहित का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसके चलते वह रीना से छुटकारा पाना चाहता था। परिजनों का आरोप है कि दहेज और निजी कारणों से रीना की हत्या की गई।
मायके पक्ष का कहना है कि रविवार को मोहित रीना को मथुरा घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि लौटते समय उसकी हत्या कर शव रजवाहे में फेंक दिया गया और पूरे मामले को सड़क हादसा दिखाने के लिए थार गाड़ी भी रजवाहे में गिरा दी गई। इस आरोप के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
दूसरी ओर आरोपी पति मोहित का कहना है कि दोनों प्रेम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। रास्ते में पुलिस चेक पोस्ट के पास उसकी थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर रजवाहे में गिर गई। उसके मुताबिक वह किसी तरह गाड़ी से बाहर निकल आया, लेकिन तेज बहाव के कारण रीना को बचाया नहीं जा सका। उसने इस घटना को पूरी तरह एक दुर्घटना बताया है।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति मोहित, सास मुकेश कुमारी और ससुर घनानंद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण विसरा एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।
Location : Greater Noida
Published : 29 July 2026, 12:00 PM IST