ग्रेटर नोएडा मासूम हत्याकांड: 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी बलराज का एनकाउंटर में अंत

ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बलराज की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। CCTV फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ जाता और बोरी ले जाते दिखाई दिया था। पुलिस ने 24 घंटे में कार्रवाई की।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 August 2026, 6:07 PM IST

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और आरोपी बलराज के बीच ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के 24 घंटे के अंदर आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।

घर से गायब हुई थी मासूम बच्ची

यह मामला ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त शुक्रवार को 6 साल की बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी। बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की और मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की गईं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पुलिस को अहम सुराग मिले।

CCTV में आरोपी के साथ जाती दिखी बच्ची

जांच के दौरान सामने आया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे की CCTV फुटेज में बच्ची पड़ोसी बलराज के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है। फुटेज में बच्ची एक मकान के अंदर जाते हुए भी नजर आई। इसके बाद पुलिस को एक और CCTV फुटेज मिली, जिसमें शाम करीब 5 बजे बलराज एक बोरी लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। दोनों फुटेज बच्ची की गली के आसपास के बताए जा रहे हैं।

चाचा के घर किराए पर रहता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बलराज बच्ची के चाचा के घर किराए पर रहता था और परिवार को पहले से जानता था। इसी पहचान का फायदा उठाकर उसने बच्ची को बहलाया और अपने साथ ले गया। बच्ची के परिवार का आरोप है कि आरोपी ने मासूम के साथ गलत काम किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को बोरी में भरकर खेत में फेंक दिया।

बोरी में मिला बच्ची का शव

पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा। लेकिन बाद में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बलराज की निशानदेही पर गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर खेत में बोरी के अंदर बच्ची का शव बरामद किया गया। इसके बाद मामले में हत्या और दुष्कर्म की धाराओं के तहत कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आएंगे अहम तथ्य

पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम किया है। रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही थी।

मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी, अस्पताल ले जाते समय मौत

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बलराज को पकड़ने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से बलराज घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Location :  Greater Noida

Published :  29 August 2026, 6:07 PM IST