Follow UP: ग्रेटर नोएडा में 6 साल के अव्यान मौत मामले में जांच का दायरा बढ़ा, सीईओ रवि कुमार एनजी ने लिया बड़ा एक्शन

ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय अव्यान की मौत के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। दो सदस्यीय समिति नलकूप का स्थान बदलने, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदारी तय करने की जांच करेगी। शुरुआती रिपोर्ट जल्द सीईओ को सौंपी जाएगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 12:53 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के कलाधाम सोसाइटी में पानी से भरे गड्ढे में डूबकर छह साल के मासूम अव्यान की मौत के बाद प्राधिकरण ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों की आपत्तियों के बीच अब इस मामले की जांच वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी की अगुवाई में गठित दो सदस्यीय समिति करेगी। समिति हादसे की जिम्मेदारी तय करने के साथ-साथ यह भी पता लगाएगी कि आखिर नलकूप का स्थान किसके निर्देश पर बदला गया और सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों हुई।

दो सदस्यीय समिति ने शुरू की जांच

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अव्यान की मौत के मामले में वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी और प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक की अगुवाई में दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में महाप्रबंधक परियोजना भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक टीम ने जांच शुरू कर दी है और दो दिन के भीतर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेगी।

पहले अकेले परियोजना विभाग को मिली थी जांच

शुरुआत में इस पूरे मामले की जांच केवल महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह को सौंपी गई थी। इसकी जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। लोगों का कहना था कि निर्माणाधीन स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी परियोजना विभाग की होती है, इसलिए उसी विभाग के अधिकारी से जांच कराना निष्पक्ष नहीं माना जा सकता। बढ़ते विरोध के बाद प्राधिकरण ने जांच समिति का पुनर्गठन किया।

ये भी पढ़ें- कांवड़ियों की थाली में मिलावट करने वालों का अब बचना मुश्किल, जानिए प्रशासन का यह अनोखा डिजिटल हथियार

नलकूप का स्थान क्यों बदला गया, होगी पड़ताल

जांच समिति अब इस बात की भी जांच कर रही है कि नलकूप लगाने के लिए पहले तय स्थान में बदलाव क्यों किया गया। जानकारी के अनुसार पहले नलकूप हरित क्षेत्र में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे सोसाइटी के पार्क और पार्किंग के पास स्थानांतरित कर दिया गया। समिति यह भी पता लगाएगी कि यह फैसला किसके निर्देश पर लिया गया और क्या इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था।

22 जुलाई को खोदा गया था गड्ढा

बताया गया कि 22 जुलाई को नलकूप के लिए गड्ढा खोदा गया था। बोरिंग मशीन में खराबी आने के कारण 23 और 24 जुलाई को काम बंद रहा। इसी दौरान गड्ढा खुला और पानी से भरा रहा। 26 जुलाई को छह वर्षीय अव्यान खेलते-खेलते उसी गड्ढे में गिर गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह पानी में डूबना ही बताई गई है।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर: पिपराईच में हुई दरिंदगी का जिम्मेदार कौन, क्या अपराधियों पर नहीं रहा पुलिस का खौफ?

डीएम से मिलेंगे सोसाइटी के लोग

हादसे के बाद सोसाइटी के लोगों में भारी नाराजगी है। निवासी इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार को वे जिला मुख्यालय पहुंचे थे, लेकिन जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी। अब मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि दो सदस्यीय जांच समिति ने काम शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Greater Noida

Published :  28 July 2026, 12:53 PM IST