
प्रतिकात्मक फोटो (IMG: Pinterest)
Meerut News: मेरठ के फलावदा क्षेत्र के दादूपुर गांव में एक पारिवारिक विवाद ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक 65 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने ही बेटे और 14 साल के पोते पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। घटना के बाद महिला ने खुद भी पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, झुलसे पिता-पुत्र अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दादूपुर गांव निवासी सुमित्रा देवी को पेंशन मिलती थी। बताया जा रहा है कि पेंशन की रकम को लेकर परिवार में पहले भी विवाद होता रहता था। शनिवार रात भी इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई। इसी दौरान 14 वर्षीय पोते के लिए मोबाइल खरीदने की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में सुमित्रा देवी ने अपने बेटे परमवीर और पोते उदय पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। घटना के बाद दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि परमवीर सेना से रिटायर्ड हैं और शहर में अपने परिवार के साथ रहते थे। कुछ दिन पहले पेंशन से जुड़े विवाद के बाद वह गांव में अपनी मां के पास आए थे। परमवीर के पिता ब्रजवीर भी बीमारी के चलते इलाज करा रहे हैं। परिवार में पहले से चल रही परेशानियों के बीच हुई इस घटना ने सभी को सदमे में डाल दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद सुमित्रा देवी ने गांव के बाहर जाकर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही फलावदा थाना पुलिस और सीओ मवाना पंकज लवानिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए।
फलावदा थाना प्रभारी पूनम जादौन ने बताया कि पीआरवी के जरिए घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने बेटे और पोते पर ज्वलनशील पदार्थ डाला था। इसके बाद महिला की मौत हो गई। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Location : Meerut
Published : 20 September 2026, 5:53 PM IST