प्रतापगढ़ में आराधना मिश्रा ‘मोना’ का भव्य स्वागत, बुलडोजर से हुई पुष्प वर्षा; 10 किमी लंबा रोड शो

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और रामपुर खास की लोकप्रिय विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' शनिवार को कमान संभालने के बाद पहली बार अपने गृह विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं।

Updated : 24 October 2026, 6:46 PM IST

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और रामपुर खास की लोकप्रिय विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' शनिवार को कमान संभालने के बाद पहली बार अपने गृह विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं। गृह जनपद आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका ऐसा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत किया कि महज 10 किलोमीटर का सफर तय करने में 5 घंटे से अधिक का समय लग गया। पूरे रास्ते 'मोना' के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और पूरा हाईवे कांग्रेसमय नजर आया।

बुलडोजर से हुई फूलों की बारिश, गूंजे बैंड-बाजे

स्वागत की शुरुआत लखनऊ-वाराणसी हाईवे के अगई मोड़ से हुई। यहां बड़ी संख्या में उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर चढ़कर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पर पुष्प वर्षा की। इस भव्य स्वागत जुलूस में दर्जनों सजे-धजे घोड़े, बैंड-बाजे और डीजे शामिल रहे, जो देशभक्ति और पार्टी के गीतों से माहौल में जोश भर रहे थे। आराधना मिश्रा ने खुले वाहन में सवार होकर पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं और आम जनता का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।

Badrinath Kedarnath Visit: शपथ के बाद पहली बार बदरी-केदार पहुंचे राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन, स्वच्छ और नशामुक्त देवभूमि की अपील

चप्पे-चप्पे पर स्वागत, थम गई हाईवे की रफ्तार

अगई मोड़ से लालगंज की दूरी यूं तो महज 10 किलोमीटर है, लेकिन रास्ते में पड़ने वाले रानीगंज, कैंथोला, रायपुर, वर्मा नगर सहित हर छोटे-बड़े चौक-चौराहों पर स्वागत की होड़ मची रही। सैकड़ों स्वागत द्वारों पर फूल-मालाओं के साथ खड़े कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम के चलते यह सफर 5 घंटे लंबे भव्य रोड शो में तब्दील हो गया।

महिलाओं को देखकर जल्दी उड़ जाते हैं पक्षी! पुरुषों को देते हैं ज्यादा करीब आने का मौका, वैज्ञानिक भी हैरान

वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी भी रहे साथ

इस ऐतिहासिक रोड शो के दौरान आराधना मिश्रा 'मोना' के साथ उनके पिता, राज्यसभा सदस्य एवं संसद में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी और उनके पुत्र राघव मिश्रा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रमोद तिवारी ने कार्यकर्ताओं के इस असीम उत्साह और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। क्षेत्र के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शक्ति प्रदर्शन ने रामपुर खास में कांग्रेस की मजबूत पकड़ को एक बार फिर साबित कर दिया है।

Location :  Pratapgarh

Published :  24 October 2026, 6:46 PM IST