हिंदी
युवक ने मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। शनिवार शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला युवक अगले दिन पंचायत भवन के पास खून से लथपथ मिला। तीन दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैदौली, टोला जंगल डिगर सूपा निवासी प्रेम सागर यादव शनिवार शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह बैजलपुर पंचायत भवन के पास ग्रामीणों ने एक युवक को गंभीर हालत में पड़ा देखा। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे और वह बेहोश था। सूचना मिलते ही हरपुर-बुदहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की पहचान प्रेम सागर यादव के रूप में की। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रो-रोकर बेहाल परिजनों का हाल, दरवाजे पर जुटी भीड़: जानिए कैसे रूसी हमले के बाद लापता हुआ युवक
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज करती रही। परिवार भी हर पल बेहतर खबर की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान प्रेम सागर यादव ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रेम सागर यादव की शादी वर्ष 2022 में महुली थाना क्षेत्र के उसरापार गांव की रहने वाली नेहा यादव से हुई थी। पति की मौत के बाद नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है। दंपती की कोई संतान नहीं थी। प्रेम सागर दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई शिव सागर यादव और पूरे परिवार पर इस घटना ने गहरा सदमा पहुंचाया है।
मृतक के पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर हरपुर-बुदहट पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही संभावित रंजिश, आपसी विवाद और अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े या सार्वजनिक स्थान के पास इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग की है।
Location : Gorakhpur
Published : 20 July 2026, 6:10 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Murder Case UP News