
महिला अभियुक्ता गिरफ्तार
गोरखपुर: बड़हलगंज थाना क्षेत्र में ट्रैवल्स की दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने दोनों से संबंधित कार्रवाई के दौरान चोरी के 60,130 रुपये बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़हलगंज पुलिस टीम ने मुकदमे से संबंधित महिला अभियुक्ता छानी सोनकर पत्नी इन्द्रजीत सोनकर को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से ग्राम जयनगर, थाना बरहज, जनपद देवरिया की निवासी है और वर्तमान में नवापुरा अहिरौली खटिक टोला, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ में रह रही थी। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
अक्टूबर को दुकान का ताला तोड़कर उड़ाई थी नकदी
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को अज्ञात चोरों ने बड़हलगंज क्षेत्र स्थित एक ट्रैवल्स की दुकान के स्लाइडिंग डोर का ताला तोड़ दिया था। इसके बाद दुकान के काउंटर में रखे 1,59,264 रुपये चोरी कर लिए गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित की तहरीर के आधार पर बड़हलगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 465/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, गिरफ्तार महिला छानी सोनकर के विरुद्ध बड़हलगंज थाने में वर्ष 2025 का मुकदमा अपराध संख्या 392/25 भी दर्ज है। वहीं, बाल अपचारी के विरुद्ध भी पूर्व के मुकदमों का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने बरामदगी के बाद वर्तमान मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी कस्बा जितेंद्र मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक रिंकी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : गोरखपुर
Published : 21 October 2026, 8:09 PM IST