गोरखपुर के कौड़ीराम में शादी की बारात के दौरान हर्ष फायरिंग ने खुशी को मातम में बदल दिया। गोली लगने से 18 वर्षीय डीजे ऑपरेटर छोटू की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है। शादी समारोहों में हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी दी जा रही है।

बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान हादसा
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के कौड़ीराम क्षेत्र गगहा थाना अंतर्गत शनिवार देर रात क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खुशी और जश्न के माहौल में अचानक चली गोली से एक युवा डीजे ऑपरेटर की मौत हो गई, जिसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी और मातम फैल गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के पांडेयपार निवासी हरी गोविंद गुप्ता के पुत्र शुभांश की बारात घर से निकलकर बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर के सामने स्थित गुरु कृपा मैरेज हॉल की ओर जा रही थी। बारात में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे और माहौल पूरी तरह उत्सवमय था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मैरेज हॉल से करीब 100 मीटर पहले बारात में शामिल एक युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
Mahashivratri 2026: मैनपुरी में व्रत, जलाभिषेक और भजन-कीर्तन के बीच धूमधाम से मनाई गई महाशिवरात्रि
बताया जा रहा है कि आरोपी ने लगातार तीन राउंड फायर किए। इनमें से दो गोलियां हवा में चली गईं, जबकि तीसरी गोली सीधे डीजे ऑपरेटर छोटू (18) के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और बारात में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के बाद तत्काल उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक छोटू गोला थाना क्षेत्र के गोशाला गांव का निवासी था और पेशे से डीजे ऑपरेटर था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाला छोटू शादी समारोहों में डीजे चलाकर अपना जीवन यापन करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मामला हर्ष फायरिंग से जुड़ा पाया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बलिया अग्निकांड: झोपड़ी में बंधे 11 पशु झुलसे, एक की मौत, 10 की हालत गंभीर; जानें ताजा अपडेट
स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं, बावजूद इसके लोग सबक नहीं ले रहे। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग न करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।