ऑटो चोरी के पीछे कौन था मास्टरमाइंड? पुलिस की कार्रवाई में खुला राज

गोरखपुर की बेलीपार थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 July 2026, 10:48 PM IST

Gorakhpur: वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बेलीपार थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके पेशेवर अपराधी होने की पुष्टि होती है।

पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बेलीपार के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान महिला उपनिरीक्षक संगीता ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अभियुक्त इश्तियाक पुत्र अब्दुल समद उर्फ झीनक, निवासी सराय मंडी, थाना गोला, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का ऑटो रिक्शा बरामद किया गया।

गोरखपुर के किसान सावधान: सड़क चौड़ीकरण से पहले करा लें ये काम, वरना हो सकती है बड़ी परेशानी

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले पीड़ित ने थाना बेलीपार में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर के बाहर खड़ा ऑटो रिक्शा चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना बेलीपार में मुकदमा संख्या 148/2026 धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और चोरी का वाहन भी बरामद कर लिया।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके विरुद्ध बेलीपार, राजघाट और गोला थानों में वाहन चोरी, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

गोरखपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 13 उपनिरीक्षक और 3 आरक्षियों के तबादले, कई चौकी प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी

कार्रवाई में टीम में शामिल पुलिसकर्मी

इस सफल कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक संगीता के साथ कांस्टेबल अजीत यादव और रिजर्व कांस्टेबल आकाश भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में वाहन चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  2 July 2026, 10:46 PM IST