गोरखपुर: कुत्ते को लेकर ख़जनी मंदिर में हंगामा! पुजारी पर छेड़खानी का मुकदमा, ग्रामीणों का थाने पर प्रदर्शन

प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ कोटही दरबार में उस समय बवाल मच गया जब पालतू कुत्ते को लेकर एक महिला और मंदिर के पुजारी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने पुजारी पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करवा दिया। पुजारी ने जब उसे कुत्ते को लेकर पिंड स्थल पर पूजा करने से रोका, तो महिला भड़क गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 2 August 2025, 1:54 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम रुदपुर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ कोटही दरबार में उस समय बवाल मच गया जब पालतू कुत्ते को लेकर एक महिला और मंदिर के पुजारी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने पुजारी पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करवा दिया। इस मामले ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के मुताबिक, रुदपुर गांव के निवासी अमित तिवारी पुत्र कृष्णदत्त तिवारी वर्षों से माँ कोटही दरबार की सेवा और देखरेख कर रहे हैं। शनिवार की सुबह गांव की रहने वाली प्रिया गुप्ता मंदिर परिसर में अपने पालतू कुत्ते के साथ पहुंची और सीधे पिंड स्थल पर पूजा-अर्चना करने लगी। पुजारी ने जब उसे कुत्ते को लेकर पिंड स्थल पर पूजा करने से रोका, तो महिला भड़क गई।

ग्रामवासियों के अनुसार, महिला ने पुजारी के साथ पहले तीखी बहस की, फिर कथित रूप से अपने कुत्ते को पुजारी पर छोड़ दिया। यही नहीं, गुस्से में आकर महिला ने पुजारी का कॉलर पकड़कर उसे खींचते हुए मंदिर प्रांगण से बाहर करने की कोशिश भी की। बाद में उसने खजनी थाने में पहुंचकर पुजारी के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करवा दिया।

इस पूरे घटनाक्रम से आक्रोशित रुदपुर गांव के दर्जनों ग्रामीण खजनी थाने पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि पुजारी को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने मंदिर में जानबूझकर गंदगी फैलाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप भी लगाया।

ग्रामीणों ने थाने में मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुजारी को न्याय नहीं मिला तो गांववासी उग्र आंदोलन करेंगे।

यह मामला अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और जनपद भर में चर्चा का विषय बन गया है। धार्मिक स्थलों की गरिमा को लेकर उठे इस विवाद ने प्रशासन को भी अलर्ट मोड में ला दिया है।

क्या मंदिर की मर्यादा पर पालतू जानवरों का प्रवेश उचित है? क्या पुजारी को धर्मिक अधिकारों के पालन की सजा मिल रही है? इन सवालों ने गांव से लेकर शहर तक हलचल मचा दी है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 2 August 2025, 1:54 PM IST