गोरखपुर: रामगढ़ताल थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद,पढिए पूरी खबर

गोरखपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ताल थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना रामगढ़ताल पर पंजीकृत मु0अ0सं0 85/2026 धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस से संबंधित मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रदुम्न निषाद पुत्र पहलू निषाद निवासी ग्राम कठऊर, थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रामगढ़ताल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
गोरखपुर में ‘दुराचारी’ घोषित हुआ कुख्यात अपराधी, एसएसपी के निर्देश पर खुली ‘अ’ हिस्ट्रीशीट
वादी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार , 11 फरवरी 2026 को अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वादी को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त प्रदुम्न निषाद का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में मारपीट, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम, गैंगेस्टर एक्ट तथा गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 से लेकर 2023 तक उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें संगीन धाराएं भी शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है।
गोरखपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ा हिस्ट्रीशीटर, जानें क्या पूरी खबर?
गिरफ्तारी टीम
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद लकड़ी का डंडा बरामद किया है, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रजनीश द्विवेदी (चौकी प्रभारी आजाद नगर), उपनिरीक्षक रामशिव यादव, कांस्टेबल राकेश गौरव तथा कांस्टेबल राजू यादव की सक्रिय भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।