
गोरखपुर में खनन माफियायों में मची खलबली (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: जनपद के गोला तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीन और तीन डंपर पकड़कर सीज कर दिए। एसडीएम गोला अमित कुमार जायसवाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की इस सख्ती को खनन माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम अमित कुमार जायसवाल और नायब तहसीलदार जयप्रकाश क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गोला-बड़हलगंज मार्ग पर महुलिया पोयल गांव के पास खेतों से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही राजस्व टीम मौके पर पहुंची, जहां एक जेसीबी मशीन और दो मिट्टी से लदे डंपर खनन कार्य में लगे मिले।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से खनन की अनुमति, परिवहन प्रपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी व्यक्ति वैध कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन और दोनों डंपरों को सीज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान टीम को एक और स्थान पर अवैध खनन की सूचना मिली। इसके बाद चौतीसा गांव के पास छापेमारी की गई, जहां एक जेसीबी मशीन और एक डंपर से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। यहां भी संचालक वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासन ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
तहसील प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके में खनन माफियाओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे कृषि भूमि और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था।
एसडीएम अमित कुमार जायसवाल ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति के खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 29 June 2026, 11:02 PM IST