हिंदी
Mahendragarh accident News (Source: Google)
Mahendragarh: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दादा और पोते की मौत हो गई। हादसा मोहनपुर बाईपास के पास उस समय हुआ, जब नांगल चौधरी निवासी हनुमान शर्मा अपने दो पोतों के साथ बाजरे की बिजाई से पहले खेत तैयार कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर से खेत की जुताई की जा रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 62 वर्षीय हनुमान शर्मा और उनका करीब 15 वर्षीय पोता ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जबकि ट्रैक्टर पर मौजूद दूसरा पोता घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सीधा किया और नीचे दबे दादा-पोते को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घायल पोते को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस खेत में जुताई की जा रही थी, उसके पास स्थित खेत से ईंट भट्ठे के लिए करीब चार से पांच फीट तक मिट्टी निकाली गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी गहरे कटाव की ओर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गया।
हालांकि हादसे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से नांगल चौधरी क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार और ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है।
Location : Mahendragarh
Published : 29 June 2026, 9:39 PM IST